Jul 20, 2026

चोरी की घटना का कुछ ही घण्टों में सफल अनावरण, 01 अभियुक्त व 01 अभियुक्ता गिरफ्तार, भारी मात्रा में सोने/चांदी के आभूषण (पीली एवं सफेद धातु) व 50,000 रू0 नकद बरामद


गोण्डा - वादी लवकुश पुत्र रामबचन, निवासी ग्राम विशुनापुर बाजार, थाना खरगूपुर, जनपद गोण्डा द्वारा थाना खरगूपुर में लिखित तहरीर दी गयी कि दिनांक 19.07.2026 की रात्रि अज्ञात चोर उसके घर में घुस आए तथा कमरे में रखे तीन बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखे सोने-चाँदी के आभूषण चोरी कर ले गए। वादी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना खरगूपुर में अज्ञात अभियुक्तों के विरूद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना को संज्ञान में लेकर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा घटना के सफल अनावरण हेतु क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमो का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस टीम ने घटना से संबंधित साक्ष्य एकत्रित करते हुए परिवार के सदस्यों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों से गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस टीम को वादी की पत्नी पूनम कसौधन की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। महिला आरक्षी द्वारा अलग से पूछताछ किए जाने पर उसने अपने रिश्तेदार विकास कसौधन के साथ मिलकर पूर्व नियोजित योजना के तहत अपने ही घर से आभूषण, नगदी एवं मोबाइल फोन चोरी कराए जाने की बात स्वीकार कर ली। अभियुक्ता की निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त विकास कसौधन को उसके घर से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के भारी मात्रा में सोने/चांदी के आभूषण व 50,000 रू0 नकद बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तगण के विरूद्ध थाना खरगूपुर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर माननीय न्यायालय रवाना किया जा रहा है। 

पूछताछ का विवरण
गिरफ्तार अभियुक्ता पूनम कसौधन से गहनता से पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि उसकी मौसी का लड़का विकास कसौधन पुत्र जमुना, निवासी विशुनापुर, वादी के घर आता-जाता था। इसी दौरान पूनम कसौधन एवं विकास कसौधन के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। दोनों ने साथ भाग जाने की योजना बनाई, जिसके लिए धन की आवश्यकता होने पर विकास कसौधन ने घर में रखे आभूषण एवं नगदी चोरी करने की योजना बनाई। योजनानुसार दिनांक 19/20.07.2026 की रात्रि में पूनम कसौधन ने मोबाइल फोन के माध्यम से विकास कसौधन को अपने घर बुलाया। इसके बाद दोनों ने मिलकर घर में रखे संदूक का ताला तोड़ा तथा बक्से का ताला खोलकर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, नगदी रुपये एवं मोबाइल फोन विकास कसौधन को दे दिए, जिसे वह अपने साथ लेकर वहां से चला गया। घटना को वास्तविक चोरी का रूप देने के उद्देश्य से पूनम कसौधन ने स्वयं कमरे में रखे बक्से एवं आलमारी का सामान अस्त-व्यस्त कर बिखेर दिया तथा बेहोश होने का नाटक करते हुए अपने बेड के नीचे जाकर लेट गई। अगले दिन सुबह उसने अपने परिजनों से झूठी कहानी बताते हुए कहा कि रात्रि में 9-10 अज्ञात चोर घर में घुस आए थे, जिन्होंने सोने-चांदी के आभूषण, नगदी रुपये एवं अन्य सामान चोरी कर लिया तथा उसके साथ मारपीट कर उसे बेहोश कर दिया।


No comments: