Jul 18, 2026

एक ही वर्ष में इंटर और नीट फतह, बिना कोचिंग शिवा ने रचा इतिहास


616 अंक हासिल कर गोंडा के होनहार ने बढ़ाया जिले का मान, व्यापारिक और सामाजिक क्षेत्र में खुशी की लहर


गोण्डा - सीमित संसाधनों और बिना किसी कोचिंग के कठिन मानी जाने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में सफलता हासिल कर मसकनवां कस्बे के होनहार शिवा गुप्ता ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। शिवा ने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने के साथ-साथ नीट में 616 अंक प्राप्त कर मेडिकल शिक्षा की राह प्रशस्त की है। मसकनवां बाजार के प्रतिष्ठित व्यवसायी परिवार से जुड़े शिवा गुप्ता, स्वर्गीय प्रेम कृष्ण कसौधन के पौत्र तथा प्रशांत कुमार कसौधन के पुत्र हैं। एक ही वर्ष में इंटरमीडिएट और नीट जैसी चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर उन्होंने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे गोंडा जनपद का गौरव बढ़ाया है। शिवा की इस उपलब्धि की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग संस्थान का सहारा लिए स्वयं के अध्ययन और अनुशासित तैयारी के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उनकी सफलता से मसकनवां बाजार सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है। अपनी सफलता का श्रेय शिवा ने माता-पिता, गुरुजनों तथा अपने दिवंगत बाबा स्वर्गीय प्रेम कृष्ण कसौधन को दिया। उन्होंने कहा कि बाबा हमेशा शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते थे और पढ़ाई के लिए निरंतर प्रेरित करते रहे। भले ही आज वे उनके बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी सीख और प्रेरणा ही इस सफलता की सबसे बड़ी ताकत बनी। शिवा गुप्ता की उपलब्धि उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है, जो कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और आत्म-अध्ययन के दम पर बड़े लक्ष्य हासिल करने का सपना देखते हैं।

No comments: