विशेष शिविरों से अभियान में आई तेजी, प्रदेशीय रैंकिंग में जनपद ने लगाई लम्बी छलांग*ल
फार्मर रजिस्ट्री से किसानों को मिलेगा योजनाओं का सहज लाभ-सीडीओ
विशेष शिविरों और नियमित समीक्षा से मिली जनपद को सफलता
जिलाधिकारी ने किसानों से की फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील
गोण्डा - प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित कृषि एवं कृषक हित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का लाभ किसानों तक सरल एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित फार्मर रजिस्ट्री अभियान में जनपद गोण्डा ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। जिलाधिकारी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के परिणामस्वरूप जनपद में अब तक 4,58,532 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण हो चुकी है, जो निर्धारित 5,81,533 किसानों के लक्ष्य का 78.85 प्रतिशत है। इस उपलब्धि के साथ प्रदेशीय रैंकिंग में जनपद 73वें स्थान से सुधारकर 69वें स्थान पर पहुंच गया है।
फार्मर रजिस्ट्री शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से प्रत्येक किसान को एक यूनिक फार्मर आईडी उपलब्ध कराई जाती है। इस आईडी के जरिए किसान का समस्त विवरण ऑनलाइन सुरक्षित रहता है, जिससे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, खाद, बीज, कीटनाशक, कृषि यंत्रीकरण, सोलर पम्प, धान एवं गेहूं खरीद, गन्ना पर्ची, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) सहित अन्य कृषि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए बार-बार खतौनी, आधार एवं अन्य अभिलेख प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं रहती। फार्मर रजिस्ट्री के लिए किसान के पास खतौनी, आधार कार्ड तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर होना अनिवार्य है।
जनपद में अधिक अवशेष वाले 1,192 ग्राम पंचायतों में 20 जून से 18 जुलाई, 2026 तक प्रथम चरण का विशेष अभियान संचालित किया गया। ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में कृषि विभाग के कर्मचारियों, लेखपालों, पंचायत सहायकों, ग्राम पंचायत एवं ग्राम विकास अधिकारियों की उपस्थिति में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराई गई। अभियान की सतत निगरानी के लिए मुख्य विकास अधिकारी द्वारा प्रतिदिन चार चरणों में समीक्षा की गई। साथ ही खाद एवं बीज विक्रय केन्द्रों पर भी फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए तथा कंट्रोल रूम स्थापित कर प्रत्येक दो घंटे पर प्रगति की समीक्षा की जा रही है।
फार्मर रजिस्ट्री अभियान का द्वितीय चरण 13 जुलाई, 2026 से पुनः ग्राम पंचायतों में विशेष शिविरों के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इन शिविरों में फार्मर रजिस्ट्री के साथ-साथ फैमिली आईडी एवं आयुष्मान कार्ड भी बनाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी किसानों से अपील की है कि वे ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों अथवा निकटतम जन सेवा केन्द्र पर पहुंचकर शीघ्र अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराएं तथा फैमिली आईडी एवं आयुष्मान कार्ड भी बनवाएं, ताकि शासन द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी एवं कृषि संबंधी योजनाओं का समयबद्ध और निर्बाध लाभ प्राप्त किया जा सके।
No comments:
Post a Comment