Feb 11, 2026

सीडीओ ने विकास भवन में कार्यालयों व परिसर का किया औचक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश


गोण्डा - बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी गोंडा श्रीमती अंकिता जैन ने विकास भवन स्थित जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों व परिसर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय में साफ-सफाई की व्यवस्था समुचित नहीं पाई गई तथा अभिलेखों का रख-रखाव भी असंतोषजनक पाया गया। जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की, जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि कार्यालय में अभिलेखों का सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रख-रखाव तत्काल सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था कराई जाए तथा आगंतुकों के बैठने हेतु उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान पेयजल की समुचित व्यवस्था उपलब्ध नहीं पाई गई तथा प्रकाश व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं थी। इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त कार्यालय परिसर में जन सूचना बोर्ड स्थापित करने तथा विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी को फ्लेक्स/नोटिस बोर्ड के माध्यम से प्रदर्शित किए जाने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देशित किया गया कि यदि कोई कर्मचारी अवकाश पर जाता है, तो वह मानव संपदा पोर्टल पर अवकाश स्वीकृत होने के उपरांत ही अवकाश पर जाए।

कार्यालय कक्ष के बाहर बरामदे में काफी संख्या में अलमारियां निष्प्रयोग अवस्था में पाई गईं, जिस पर संबंधित अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपरोक्त सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएं।

No comments: