Sep 24, 2026

पिता ने ही की पुत्र की नियुक्ति,तीन पीढ़ियों से के.एल.इंटर कॉलेज से जुड़ा है गुप्ता परिवार, क्षेत्र में हर्ष का माहौल



करनैलगंज /गोण्डा - कहते हैं संकल्प सच्चा हो तो मंजिल खुद कदम चूमती है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है तहसील मुख्यालय कर्नलगंज के मोहल्ला बालूगंज निवासी नवीन गुप्ता ने। बचपन में जिस कन्हैयालाल इंटर कॉलेज में छात्र के रूप में पढ़ाई की, उसी विद्यालय में टीजीटी परीक्षा पास कर प्रवक्ता के रूप में नियुक्ति पाई। इस उपलब्धि को और भी भावुक बना दिया उस क्षण ने, जब इसी विद्यालय में वरिष्ठ बाबू के पद पर तैनात पिता नंद किशोर गुप्ता ने स्वयं अपने पुत्र की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की। कार्यालय में पिता के हाथों नियुक्ति पत्र लेना, एक पुत्र के लिए ही नहीं, एक पिता के लिए भी जीवन के सबसे गौरवशाली क्षणों में से एक था। मौजूद शिक्षकों की आंखें भी इस भावुक पल को देखकर नम हो गईं।

संकल्प लाइब्रेरी में गढ़ी सफलता की इबारत

नवीन बचपन से ही कन्हैयालाल इंटर कॉलेज में पढ़ाने का सपना देखते थे। इस सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने कर्नलगंज की संकल्प लाइब्रेरी में रहकर गहन अध्ययन किया। उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।

यह उनकी पहली उपलब्धि नहीं है। होनहार नवीन इससे पहले एनडीए, जेआरएफ, सीएसआईआर, आईआईटी जैम, एलटी ग्रेड जैसी कई बड़ी राष्ट्रीय स्तर की कठिन परीक्षाएं उत्तीर्ण कर चुके हैं। वर्तमान में वह पीएम श्री योजना के तहत केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) में पीजीटी गणित के प्रवक्ता के पद पर सेवारत थे, जिसे छोड़कर उन्होंने अपने गृह विद्यालय में सेवा का निर्णय लिया।

तीन पीढ़ियों का है विद्यालय से नाता

गुप्ता परिवार का कन्हैयालाल इंटर कॉलेज से नाता आज का नहीं, बल्कि तीन पीढ़ियों पुराना है। नवीन के बाबा इसी कॉलेज में भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता थे, तो छोटे बाबा गणित के प्रवक्ता के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। पिता नंद किशोर गुप्ता वर्तमान में वरिष्ठ बाबू हैं और अब तीसरी पीढ़ी के रूप में नवीन ने प्रवक्ता पद संभालकर इस परंपरा को आगे बढ़ाया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजाराम ने नवीन का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षकों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस खुशी के मौके पर नवीन के बचपन के साथी राजकुमार, अंकित, महेश, दीपक, बबलू और शैलेंद्र सहित कई शुभचिंतकों ने मिठाइयां बांटकर बधाई दी। वहीं संकल्प लाइब्रेरी परिवार ने भी उन्हें बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है। पूरे कस्बे में इस गौरवपूर्ण उपलब्धि को लेकर हर्ष का माहौल है।

No comments: