प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना अंतर्गत चयनित 38 ग्रामों क़ी ग्राम विकास योजना हुई स्वीकृत
बहराइच । जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय अभिसरण समिति क़ी बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना अंतर्गत जनपद में चयनित 38 ग्रामों में अवसंरचनात्मक कार्य कराए जाने हेतु ग्राम विकास योजना को अनुमोदन प्रदान करते हुए अनुमोदित किये गये प्रस्तावों को अग्रिम कार्यवाही हेतु भारत सरकार द्वारा विकसित किये गये पीएम-अजय पोर्टल के माध्यम से मुख्यालय प्रेषित किये जाने के निर्देश दिये गये।डीएम ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों तथा सम्बन्धित ग्राम पंचायतों जिन्हें प्रस्तावित कार्यों हेतु कार्यदायी संस्था नामित किया गया है को निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना का टर्मिनल वर्ष है। इसलिए चयनित कार्यों को इसी वित्तीय वर्ष में पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित करें। डीएम ने कहा कि प्रत्येक चयनित ग्रामों में रू. 20-20 लाख क़ी धनराशि से नाली निर्माण, सोलर स्ट्रीट लाइट, सोलर हाई मास्ट लाइट, सोंक पिट, कम्पोस्ट पिट, इंडिया मार्का हैंडपंप, आंगनबाड़ी निर्माण, आरसीसी निर्मित छोटी पुलिया इत्यादि का निर्माण कार्य शासन द्वारा निर्धारित मानक एवं गुणवत्ता के साथ कराया जाय। डीएम श्री त्रिपाठी ने एडीओ समाज कल्याण को निर्देश दिया कि प्रस्तावित कार्यों का प्रभावी पर्यवेक्षण करते रहें। डीएम ने कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य से अनुसूचित जातियों की 40 प्रतिशत् से अधिक आबादी वाले गांवों का सर्वांगीण विकास करना, जिससे सभी मूलभूत सुविधाओं का विकास कर लक्षित वर्ग के जीवन स्तर में परिवर्तन लाया जा सके। डीएम ने पंचायती राज, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, समाज कल्याण, आईसीडीएस, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, महिला कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, विद्युत, खाद्य एवं रसद, लघु सिंचाई, कौशल विकास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, बैंकिंग इत्यादि विभागों को निर्देश दिया कि लक्षित पात्र असंतृप्त 19295 व्यक्तियों को शीघ्र से शीघ्र विभागीय योजनाओं से आच्छादित कराना सुनिश्चित करें। बैठक का संचालन करते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रद्धा पाण्डेय ने बताया कि केन्द्र प्रायोजित अनुसूचित जाति सब-प्लान हेतु विशेष केन्द्रीय सहायता से प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के घटक आदर्श ग्राम के अन्तर्गत जनपद में अनुसूचित जाति बाहुल्य ऐसे 38 ग्रामों जहां पर अनुसूचित जाति की आबादी 40 प्रतिशत अधिक है, का चयन भारत सरकार द्वारा किया गया है। चयनित ग्रामों में जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित की जा रही लाभार्थीपरक योजनाओं से पात्र असंतृप्त निवासरत् परिवार के सदस्यों को आच्छादित किया जाना है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा निर्धारित किये गये मापदण्डों के अनुसार चयनित ग्रामो में विभाग द्वारा कराये गये लाभार्थीपरक सर्वे में कुल 19295 व्यक्तियों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं से आछादित कराये जाने क़ी तैयारी है। इसके अतिरिक्त चयनित ग्रामों में खुली बैठक के माध्यम से तैयार करायी गयी विस्तृत कार्ययोजना (डीपीआर) के अनुसार वीडीपी का अनुमोदन ग्राम स्तरीय अभिसरण समिति से अनुमोदनोपरान्त फीडिंग का कार्य पीएमएजीवाई पोर्टल पर पूर्ण कर लिया गया है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संजय कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रद्धा पाण्डेय, जिला पूर्ति अधिकारी नरेन्द्र तिवारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनोद राय, जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानन्द, जिला कार्याक्रम अधिकारी निहारिका विश्वकर्मा, लीड बैंक प्रबन्धक जितेन्द्र मंसद सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी तथा एडीओ समाज कल्याण मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment