Breaking







Jan 26, 2023

बस्ती में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस

बस्ती। गणतंत्र दिवस का उत्सव जनपद में धूमधाम से समारोहपूर्वक मनाया गया। सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों, प्रतिष्‍ठानों, भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, राष्ट्रगान हुआ, संविधान का संकल्प पढ़ा गया, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताए आयोजित की गई। मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइन में आयोजित हुआ, प्रदेश के मत्स्य विकास मंत्री डा. संजय निषाद ने परेड की सलामी ली, परेड का निरीक्षण किया, उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिसकर्मियों व अन्‍य को सम्‍मानित किया। 
          मत्‍स्‍य विकास मंत्री ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित किया। कहा कि इनके त्याग, बलिदान के कारण ही हम आज आजाद एवं लोकतंत्र व्यवस्था वाले देश में निवास कर रहे है। संविधान के कारण ही आज हमें समानता का अधिकार प्राप्त है।

देश भक्ति गीत प्रस्तुत करने वाली छात्राएं हुई सम्मानित। 
मण्डलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने आयुक्‍त सभागार में आयोजित संगोष्‍ठी में कहा कि गणतंत्रात्मक व्यवस्था हमारे देश में हजारों साल से प्रचलित है। सभी अधिकारियों,कर्मचारियों से अपील किया कि उनके सम्पर्क में आए गरीब, शोषित, पीड़ित व्यक्ति की हरसंभव सहायता कर उसे लाभान्वित करें तभी हम संविधान के संकल्प के उद्देश्य को पूरा कर पाएंगे। राष्ट्रगान, देश भक्ति गीत प्रस्तुत करने वाली राजकीय बालिका इण्टर कालेज की छात्राओं जानवी, सोनम, प्रियंका, शोफिया, अध्यापिका डा. अर्चना भारद्वाज को पुरस्कृत किया।  

सामूहिक रूप से गाया गया राष्ट्रगान
कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। सामूहिक रूप में राष्ट्रगान गाया गया, संविधान में उल्लिखित संकल्प को पढ़ा गया। कहा कि हम समय के अनुरूप संविधान सम्मत अपने आपको ढालें, स्वयं की कमियों को दूर करें, दूसरो में गलतियों को न ढूढे़ अपितु उसके अच्छे गु़णों से सीख लें। स्वयं स्वमूल्याकंन करें, आत्म सुधार ही लोकतंत्रात्मक गणराज्य का मूलमंत्र है।  

ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रमों में जनपद न्यायाधीश कुलदीप सक्सेना, आईजी आरके भारद्वाज, एडीएम कलेश चन्‍द्र, एएसपी दीपेन्द्र नाथ चौधरी, सीओ आलोक प्रसाद, अपर आयुक्त न्यायिक बृजकिशोर, जेडीसी पीके शुक्ला, उपनिदेशक पंचायतीराज बीबी सिंह, डा. शशि पाण्डेय व अन्य उपस्थित रहे।   

          रुधौली बस्ती से अजय पांडे की रिपोर्ट 

No comments: