Dec 1, 2022

मदरसे में बच्‍चों को गलत तालीम देने का आरोप

बस्ती । में मदरसे के शिक्षक पर बच्‍चों को गलत तालीम देने का आरोप लगा है। इसका एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए मदरसा के प्रबन्‍धक ने वाल्‍टरगंज में आरोपी शिक्षक के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।   


           वाल्‍टरगंज के जमदाशाही में दारुल उलूम अलीमिया के एक सहायक अध्यापक पर बच्‍चों को सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की तालीम देने का आरोप लगा है। मदरसा के सहायक अध्‍यापक मोहम्‍मद अख्‍तर पर आरोप है कि उन्‍होंने बच्‍चों को पूर्व राष्ट्रपति, भारत रत्न डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम के संबंध में भ्रामक जानकारी दी। जमदाशाही मदरसा के प्रबंधक फजलुर्रहमान ने सहायक अध्‍यापक के खिलाफ वाल्‍टरगंज थाने पर तहरीर दी।   

आरोपी ने जान से मारने की दी धमकी
मदरसा के प्रबंधक ने तहरीर में बताया कि सहायक अध्यापक मोहम्मद अख्तर बच्चों को डॉ. कलाम के बारे में भ्रामक जानकारी देते हैं। प्रबंधक के अनुसार इसकी शिकायत मिलने के बाद मामले को लेकर जब शिक्षकों के साथ बैठक की गई तो आरोपी ने अपशब्द कहते हुए तीन अन्य लड़कों के साथ पहुंचकर मारपीट की और जानमाल की धमकी दी। प्रबन्‍धक ने कहा है कि आरोपी स्‍थानीय लोगों को उत्‍तेजित कर पथराव भी करा सकता हैं।

सीओ बोले- तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
सीओ सदर आलोक प्रसाद ने बताया कि मामले में मदरसा प्रबन्‍धक की तहरीर पर वाल्‍टरगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है। जांच के दौरान मिले तथ्‍यों के आधार पर आवश्‍यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।   


           रुधौली बस्ती से अजय पांडे की रिपोर्ट


No comments: