Nov 27, 2026

टैबलेट पाकर खिले छात्र-छात्राओं के चेहरे, मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ ली सेल्फी; युवाओं को डिजिटल तकनीक से जुड़कर आगे बढ़ने का किया आह्वान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 46,800 छात्र-छात्राओं को वितरित किए टैबलेट, बोले- यह चलता-फिरता विश्वविद्यालय है



गोण्डा - शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज, (टामसन) गोण्डा में शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत आयोजित भव्य टैबलेट वितरण कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवीपाटन मंडल के 46,800 छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने देवीपाटन मंडल के चारों जनपदों गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर एवं श्रावस्ती के पांच-पांच छात्र-छात्राओं को मंच पर बुलाकर अपने हाथों से टैबलेट प्रदान किए।

टैबलेट प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ सेल्फी भी ली। इस दौरान बच्चों के चेहरे खुशी और उत्साह से खिल उठे। कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित युवाओं ने मुख्यमंत्री का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोण्डा के छात्र-छात्राओं में कुमारी प्रियंका चतुर्वेदी, कुमारी सुरभि तिवारी, पिंकी सोनी, कुमारी अर्चिता एवं सैयद अनस को टैबलेट प्रदान किए। इसी प्रकार बहराइच के मानवी पांडेय, कुमारी अमिता जायसवाल, समा बेगम, कुंज बिहारी एवं शिवेंद्र प्रताप सिंह, श्रावस्ती के रिद्धिमा वैश्य, कुमारी साधना मिश्रा, कुमारी जैनब, भूपेंद्र विश्वकर्मा एवं राजवीर सिंह तथा बलरामपुर के अर्चना शुक्ला, रमन द्विवेदी, कुमारी सौम्या पांडेय, अभिजीत भट्ट एवं मोहम्मद सुलेमान सिद्दीकी को मंच पर बुलाकर टैबलेट वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान गोंडा के 33200, बहराइच के 7400, बलरामपुर के 5100, श्रावस्ती के 1100 छात्र-छात्राओं को टेबलेट वितरित किये गये। 

गोण्डा और देवीपाटन मंडल का रहा है गौरवशाली इतिहास : - मुख्यमंत्री

टैबलेट वितरण के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि गोण्डा और देवीपाटन मंडल का गौरवशाली इतिहास रहा है। यह धरती विदेशी आक्रांताओं का मुकाबला करने वाली वीरों की धरती रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में प्रदूषण के मामले में गोण्डा की स्थिति बेहद खराब थी, लेकिन वर्ष 2017 के बाद स्वच्छता के क्षेत्र में गोण्डा ने अग्रणी स्थान प्राप्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में विकास की नई धारा प्रवाहित हुई है। गोण्डा में मेडिकल कॉलेज, बहराइच में मेडिकल कॉलेज तथा बलरामपुर में मां पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण हुआ है। इसके साथ ही थारू संग्रहालय का निर्माण भी कराया गया है। इन उपलब्धियों से देवीपाटन मंडल में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन एवं आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया है।

उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में प्रदेश सरकार ने देवीपाटन मंडल के विकास के लिए 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। विकास कार्यों को युद्धस्तर पर आगे बढ़ाया गया है और अब इनका सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखाई दे रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उन्होंने लखनऊ में 1,594 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करने के उपरांत गोण्डा के इस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार द्वारा साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराए गए हैं। नियुक्ति पत्र केवल नौकरी का दस्तावेज नहीं, बल्कि युवाओं के परिश्रम, प्रतिभा और योग्यता का सम्मान है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह टैबलेट उनके टैलेंट को निखारने और आगे बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। इसके माध्यम से विद्यार्थी ज्ञान, तकनीक और नई संभावनाओं से जुड़ सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 46,800 छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे ये टैबलेट केवल एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं हैं, बल्कि एक चलता-फिरता विश्वविद्यालय हैं। इनके माध्यम से युवा घर बैठे दुनिया भर की शैक्षिक सामग्री, तकनीकी जानकारी और ज्ञान के विभिन्न स्रोतों तक पहुंच बना सकेंगे। उन्होंने युवाओं से इस सुविधा का सकारात्मक उपयोग करते हुए अपने भविष्य को नई दिशा देने का आह्वान किया।

डिजिटल क्षेत्र में उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी :- केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एवं गोण्डा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि पूरी दुनिया में भारत सबसे अधिक युवाओं वाला देश है। भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्षेत्र में उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी स्थान पर है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया के सभी देशों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि टैबलेट के माध्यम से युवा पूरी दुनिया से जुड़ सकेंगे और अपनी शिक्षा, कौशल एवं प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ईमानदारी और मेहनत के साथ विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एवं सांसद गोण्डा कीर्तिवर्धन सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष गोण्डा  घनश्याम मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद श्रावस्ती  दद्दन मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष बलरामपुर सुश्री आरती तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष बहराइच श्रीमती मंत्रा देवी, सांसद कैसरगंज  करणभूषण सिंह, सांसद बहराइच आनन्द कुमार गौड़ सहित अन्य कई गणमान्य उपस्थित रहे।

No comments: