गोण्डा - कोतवाली नगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने एटीएम बूथों पर फेविक्विक लगाकर कार्ड फंसाने, पिन चोरी करने और खातों से रुपये निकालने वाले अन्तर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, 23 एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, फर्जी विजिटिंग कार्ड और घटना में प्रयुक्त कार व उपकरण बरामद किए हैं।
ऐसे करते थे ठगी
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे एटीएम मशीन में कार्ड डालने वाली जगह पर फेविक्विक लगा देते थे, जिससे ग्राहक का कार्ड मशीन में फंस जाता था। इसके बाद गिरोह का एक सदस्य मदद करने के बहाने पीड़ित को फर्जी विजिटिंग कार्ड देता था। उस पर 9506483447, 9506248851 और 9506077978 जैसे नम्बर अंकित रहते थे।
पीड़ित के फोन करने पर उसे दोबारा पिन डालने को कहा जाता था। इसी दौरान पीछे खड़ा दूसरा सदस्य पिन देख लेता था। पीड़ित को कहा जाता था कि कुछ घंटे बाद सपोर्ट टीम आकर कार्ड निकाल देगी। पीड़ित के जाने के बाद अभियुक्त चाकू, प्लास और पेचकस से कार्ड निकाल लेते थे और उसी पिन से रुपये निकाल लेते थे। ऑनलाइन खरीदारी भी करते थे।
गोण्डा में दो वारदातें
24 अक्टूबर को आवास विकास कॉलोनी स्थित इंडियन बैंक एटीएम पर नन्द किशोर मिश्रा का कार्ड फंसा था। उनके खाते से 6 बार में ₹48,934 निकाल लिए गए। 12 नवम्बर को फैजाबाद रोड स्थित एसबीआई एटीएम पर मो0 साहिल खान के साथ भी यही हुआ। उनके खाते से ₹90,000 निकाल लिए गए। दोनों मामलों में कुल ₹1,38,934 की ठगी हुई थी।
गिरफ्तार अभियुक्त
1. ऋषभ पुत्र रणवीर सिंह, निवासी सहादतगंज, लखनऊ
2. समीर उर्फ शेरा उर्फ शमशेर, निवासी बिलारियागंज, आजमगढ़
3. अदनान खान, निवासी प्रतापगढ़, वर्तमान पता मुंबई
4. दीपक उर्फ दीपू सिंह चौहान, निवासी सारनाथ, वाराणसी
बरामदगी
₹34,910 नकद, 23 एटीएम कार्ड, 5 एंड्रॉयड फोन, 1 की-पैड फोन, 73 फर्जी विजिटिंग कार्ड, 6 फेविक्विक, 2 मार्कर पेन, चाकू, प्लास, कैंची, पेचकस और हुंडई आई-10 कार संख्या UP 70 EP 4229।
पुलिस के अनुसार गिरोह प्रयागराज, लखनऊ, अयोध्या, कानपुर और गोण्डा में भी इसी तरह की घटनाएं कर चुका है। ठगी की रकम से खाने-पीने, होटलों में रुकने, शॉपिंग और कार खरीदने में खर्च किया जाता था। सभी अभियुक्तों को न्यायालय रवाना कर दिया गया है।
-गिरफ्तार: ऋषभ, समीर उर्फ शेरा, अदनान खान और दीपक उर्फ दीपू सिंह चौहान
- बरामदगी: ₹34,910 नकद, 23 एटीएम कार्ड, 6 मोबाइल, 73 फर्जी विजिटिंग कार्ड, चाकू-प्लास-पेचकस और हुंडई आई-10 कार
- ठगी का तरीका: मशीन में फेविक्विक लगाकर कार्ड फंसाते थे, फिर फर्जी विजिटिंग कार्ड देकर पीड़ित से पिन डलवाकर देख लेते थे। पीड़ित के जाने के बाद कार्ड निकालकर रुपये निकाल लेते थे।
- कुल ठगी: गोण्डा में दो घटनाओं में ₹1,38,934 की ठगी हुई थी। गिरोह प्रयागराज, लखनऊ, अयोध्या और कानपुर में भी वारदात कर चुका है।
No comments:
Post a Comment