Oct 5, 2026

विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश

 

खराब मौसम से क्षतिग्रस्त पोल एवं विद्युत लाइनों को प्राथमिकता पर ठीक कराकर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश:-डीएम



 गोण्डा - कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जनपद में विद्युत आपूर्ति एवं विद्युत व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जनपद में विद्युत आपूर्ति की स्थिति, खराब मौसम के कारण क्षतिग्रस्त हुए विद्युत पोल एवं विद्युत लाइनों तथा ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था को लेकर विस्तार से समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुचारू रखा जाए। खराब मौसम के कारण जहां कहीं भी विद्युत पोल टूटे हैं अथवा विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हुई है, वहां तत्काल टीम भेजकर मरम्मत कार्य कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से टूटे हुए विद्युत पोल एवं क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों को चिन्हित कर शीघ्र दुरुस्त कराने तथा प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण एवं निगरानी करते हुए विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कर्मचारियों एवं संसाधनों का उपयोग करते हुए मरम्मत कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि आमजन को विद्युत आपूर्ति के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों ने आमजन से विशेष अपील की कि यदि किसी गांव, बाजार अथवा अन्य क्षेत्र में विद्युत पोल टूट गया हो, तार क्षतिग्रस्त हो अथवा विद्युत आपूर्ति से संबंधित कोई समस्या उत्पन्न हो, तो नागरिक स्वयं विद्युत लाइन या पोल को ठीक करने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारी अथवा नजदीकी विद्युत पावर हाउस से संपर्क करें। अधिकारियों ने कहा कि क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों एवं टूटे पोल को छूना अथवा स्वयं मरम्मत करना अत्यंत खतरनाक हो सकता है। विभागीय टीम के पहुंचने तक नागरिक विद्युत तारों एवं पोल से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। इससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना एवं जनहानि को रोका जा सकेगा।

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्युत व्यवस्था को पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ संचालित किया जाए।

बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत गोण्डा, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण गोण्डा, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण करनैलगंज, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण मनकापुर, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण नवाबगंज सहित विद्युत विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments: