Oct 2, 2026

गॉधी जी व शास्त्री जी के जीवन आदर्शों को आत्मसात करना ही सच्ची श्रद्धांजलि: जिलाधिकारी

 गॉधी जी व शास्त्री जी के जीवन आदर्शों को आत्मसात करना ही सच्ची श्रद्धांजलि: जिलाधिकारी 

बहराइच । जनपद में गांधी जयन्ती के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर सिटी माण्टेसरी स्कूल की छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात कलेक्ट्रेट परिसर में सेनानी परिसर पहुंचकर अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद व अन्य अधिकारियों, के साथ त्रिमूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये। इसके उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीएम ने अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ गॉधी जी व शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये। गॉधी जयन्ती के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने राष्ट्रपिता महात्मा गॉधी जी तथा पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री जी की जयन्ती की शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि गॉधी जी व शास़्त्री जी के सत्य और अहिंसा पर आधारित विचार हमेशा प्रासंगिक रहेंगे। सादा जीवन, उच्च विचार, मितव्ययिता, नैतिकता, भाई-चारा तथा सर्वधर्म संभाव जैसे आदर्श जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा हमें महात्मा गॉधी जी से मिलती है। डीएम श्री पाण्डेय ने सभी का आहवान किया कि किसी दूसरे की आलोचना किये बिना हम जहॉ पर भी हैं, अपने कर्तव्यों का निर्वहन भली प्रकार से करें यही देश के शहीदों को सच्ची श्रृद्वांजलि होगी। डीएम ने कहा कि हमें गॉधी जी व शास्त्री जी के आदर्शों का संकल्प लेकर पूरी जिम्मेदारी के साथ देश की उन्नति के लिए कार्य करना होगा। डीएम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आहवान किया कि केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमन्द लोगों तक पहुंचाएं तथा आमजन की समस्याओं का समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण भी किया जाय।  कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, डिप्टी कलेक्टर अमिता यादव, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी न्यायिक श्रीमती नीतू रानी सहित अन्य वक्ताओं ने गांधी जी व शास्त्री जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। वक्तागण ने कहा कि हमें अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी के साथ निभाने की प्रेरणा गांधी जी व शास्त्री जी के जीवन से मिलती है। वक्ताओं ने कहा कि 02 अक्टूबर ऐसी तिथि है जिस दिन देश ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण विश्व की दो महान विभूतियों महात्मा गांधी जी व लाल बहादुर शास्त्री जी का जन्मदिवस मनाया जाता है। कार्यक्रम के दौरान शायर अल्लन बहराईची, नजर बहराइची व कवि लक्ष्मीकान्त त्रिपाठी मृदुल द्वारा काव्यपाठ प्रस्तुत किया गया। जबकि डा. वेद मित्र शुक्ल ने बॉसुरी वादन कर गांधी जी के प्रिय भजन ‘‘रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीता राम’’ को प्रस्तुत किया। डीएम द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत करने वाली माण्टेसरी स्कूल की छात्राओं को मिठाई व वाटर बोतल देकर सम्मानित किया गया। गॉधी जयन्ती के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में संग्राम सेनानी आश्रितगणों श्रीमती कबूतरी देवी, श्रीमती चन्द्रकान्ती, मो0 तारिक बेग, राजू मिश्रा, आशाराम उपाध्याय, रमेश कुमार मिश्र, अरविन्द तिवारी व अनिल कुमार त्रिपाठी को मल्यार्पण कर अंगवस्त्र भेंट किया गया। जबकि कवियों एवं शायरों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन कलेक्ट्रेट कर्मी संदीप मिश्र ने किया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट व कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। 

                         

No comments: