Oct 2, 2026

फर्जी दरोगा बन जेल व एनकाउंटर का डर दिखाकर उगाही करने वाले चार गिरफ्तार, 7.795 किलो गांजा

 फर्जी दरोगा बन जेल व एनकाउंटर का डर दिखाकर उगाही करने वाले चार गिरफ्तार, 7.795 किलो गांजा

तमंचा-कारतूस व नीली-लाल बत्ती लगी कार बरामद

बहराइच। जनपद बहराइच में पुलिस की वर्दी पहनकर फर्जी पुलिसकर्मी बन आम लोगों को जेल भेजने और एनकाउंटर का भय दिखाकर धन उगाही करने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। थाना हरदी पुलिस ने दो मुख्य अभियुक्तों समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 7.795 किलोग्राम अवैध गांजा, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, नीली-लाल बत्ती लगी रेनॉल्ट ट्राइबर कार, 8,270 रुपये नकद व छह एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए हैं।थाना हरदी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की रेनॉल्ट ट्राइबर कार संख्या UP32 BG 6267, जिस पर लाल-नीली बत्ती लगी है, को उपनिरीक्षक की वर्दी पहने एक व्यक्ति चला रहा है। वाहन में सवार संदिग्ध व्यक्तियों ने राजी चौराहे से दो व्यक्तियों को जबरन बैठाया और महसी की ओर ले जा रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने सिंगिया नसीरपुर गांव के पास वाहन को रोककर चेकिंग की। जांच में चालक उपनिरीक्षक की वर्दी में मिला। पुलिस द्वारा परिचय पत्र और वाहन से संबंधित वैध अभिलेख मांगने पर वर्दीधारी व्यक्ति कोई संतोषजनक जवाब या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वाहन में फर्जी नंबर प्लेट लगी पाई गई। वाहन के पीछे बैठे दोनों व्यक्तियों ने बताया कि उन्हें असलहा दिखाकर गाड़ी में बैठाया गया था और पैसे की मांग की जा रही थी। पैसे न देने पर एनकाउंटर करने व गांजा के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही थी। पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। थाना हरदी में मु0अ0सं0 340/2026 के तहत सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।


No comments: