इच्छुक ठेकेदार 10 हजार रुपये जमा कर नीलामी प्रक्रिया में कर सकेंगे प्रतिभाग
गोण्डा - जनपद न्यायालय गोण्डा के नजारत अनुभाग की ओर से सार्वजनिक नीलामी की सूचना जारी की गई है। इसके तहत भारी बारिश एवं तेज हवा के कारण जड़ से उखड़े यूकेलिप्टस, आंवला और शीशम के एक-एक पेड़ तथा जनपद न्यायालय परिसर में डीएलएसए भवन के उत्तर दिशा में स्थित एक सूखे सागौन के पेड़ की नीलामी की जाएगी।
नीलामी प्रक्रिया दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 04:00 बजे जनपद न्यायालय गोण्डा के मीटिंग हॉल में नीलामी समिति के समक्ष संपन्न होगी। जनपद गोण्डा के स्थानीय इच्छुक ठेकेदार नीलामी में प्रतिभाग करने के लिए निर्धारित तिथि को अपराह्न 02:00 बजे तक नजारत अनुभाग में 10,000 रुपये की धनराशि जमा कर सकते हैं।
नीलामी में वृक्ष प्राप्त करने वाले ठेकेदार को कटान से पूर्व नियमानुसार पातन अनुमति प्राप्त करनी होगी तथा निर्धारित पातन अनुमति शुल्क क्षेत्रीय वनाधिकारी, गोण्डा के यहां जमा करना होगा। कटान के दौरान किसी भी प्रकार की राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचने पर उसकी क्षतिपूर्ति का उत्तरदायित्व संबंधित ठेकेदार का होगा।
इसके अतिरिक्त, नीलामी धनराशि पर यदि कोई कर देय होता है तो उसके भुगतान की जिम्मेदारी भी नीलामी प्राप्त करने वाले व्यक्ति की होगी। अंतिम बोली स्वीकृत होने के पश्चात नीलामी की संपूर्ण धनराशि तत्काल जमा करना अनिवार्य होगा। नीलामी से संबंधित किसी भी विवाद के निस्तारण का क्षेत्राधिकार केवल जनपद न्यायालय गोण्डा का होगा।
No comments:
Post a Comment