करनैलगंज/ गोण्डा - माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर से संबद्ध सरयू महाविद्यालय, करनैलगंज में आज सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘नारी सशक्तिकरण’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में समानता, सहयोग और सम्मान को महिला सशक्तिकरण का आधार बताते हुए समाज में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने पर जोर दिया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. बी. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि समानता, सहयोग और सम्मान एक सशक्त एवं समावेशी समाज के निर्माण के मूल आधार हैं। महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और निर्णय लेने के समान अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण केवल महिलाओं के विकास का विषय नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की उन्नति से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त महिला आने वाली पीढ़ियों को भी नई दिशा प्रदान करती है।
प्राचार्य ने कहा कि महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाना, उनके अधिकारों की रक्षा करना तथा प्रत्येक क्षेत्र में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे लैंगिक भेदभाव को समाप्त करने, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने और समाज में समानता की भावना विकसित करने में सक्रिय भूमिका निभाएँ। उन्होंने यह भी कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना और मानवीय मूल्यों का विकास करना है।
संगोष्ठी में छात्र-छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स ने सहभागिता की। कार्यक्रम में महिला शिक्षा, आत्मनिर्भरता, सामाजिक सहयोग तथा महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर डॉ. शैलेंद्र बहादुर सिंह, डॉ. मार्शल स्टालिन, डॉ. ममता मिश्रा, डॉ. अंतिमा सिंह, डॉ. पवन कुमार मिश्रा, जगन्नाथ तिवारी, ओ. पी. सिंह, शिव कुमार मौर्य, विजय यादव, बृजेश सिंह, डॉ. अजय कुमार सिंह, डॉ. संजय सिंह, राहुल श्रीवास्तव, विनोद पांडेय, आशीष सिंह, उमेश पाठक एवं स्वामी नाथ चौधरी सहित महाविद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी, छात्र-छात्राएँ तथा एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।
संगोष्ठी के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि समानता से अवसर, सहयोग से प्रगति और सम्मान से सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त होता है।
No comments:
Post a Comment