Oct 12, 2026

कर्नलगंज कोतवाली से चंद दूरी पर 26 लाख की चोरी, 8 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली



पीड़ित के घर से जेवर व 85 हजार नकद पार, एफआईआर में नकदी गायब,न डॉग स्क्वायड न फोरेंसिक जांच


करनैलगंज/गोण्डा  - कर्नलगंज कोतवाली से महज 500 मीटर की दूरी पर मोहल्ला कुम्हरगढ़ी वार्ड नंबर-4 में बीते 3 अक्टूबर शनिवार को हुई 26 लाख की बड़ी चोरी की वारदात ने पुलिस की कार्यशैली की पोल खोल दी है। वारदात को 8 दिन बीत चुके हैं, लेकिन कर्नलगंज पुलिस अभी तक खाली हाथ है। न चोर पकड़े गए, न चोरी गया एक रुपया बरामद हुआ।
पीड़ित अतुल कुमार मौर्य पुत्र सहदेव शरण मौर्य पशु चिकित्सालय में सरकारी कर्मचारी हैं। पीड़ित के अनुसार 3 अक्टूबर की रात परिवार खाना खाकर सो गया। रात 12 से 3 बजे के बीच चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और अलमारी का ताला तोड़कर करीब 24 लाख रुपये के सोने के जेवरात - सोने का हार, एक जोड़ी कंगन, मांग टीका, दो बड़ी व तीन छोटी चेन, तीन अंगूठी, एक जोड़ी झुमकी, 2 लाख की चांदी के कड़े और 85 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के दो दिन बाद 5 अक्टूबर को कोतवाली में मु.अ.सं. 593/26 धारा 305(अ), 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच पर बड़े सवाल

पीड़ित का आरोप है कि उसने तहरीर में 85 हजार नकदी का स्पष्ट उल्लेख किया था, लेकिन एफआईआर में नकदी का जिक्र तक नहीं किया गया। 26 लाख की बड़ी वारदात के बाद भी मौके पर न तो डॉग स्क्वायड टीम बुलाई गई, न फोरेंसिक जांच हुई और न ही उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई। वारदात वाले दिन 3 अक्टूबर को शाम 6:30 और रात 8:15 बजे एक पड़ोसी युवती जो पहले कभी घर नहीं आती थी, घर आई और वृद्ध मां के फोन से बात कर चली गई। इस बिंदु की जानकारी पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने इस एंगल पर जांच तक करना मुनासिब नहीं समझा। जिन पर पीड़ित को शक है, उनसे पूछताछ तक नहीं हो रही है। घर घनी आबादी में है, आसपास कई सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, फिर भी पुलिस की तफ्तीश ठंडी पड़ी हुई है। वारदात का खुलासा न होने से पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक गोंडा से निष्पक्ष जांच टीम गठित कर जल्द खुलासा कराने की गुहार लगाई है। वहीं इस संबंध में कोतवाल अभय सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

No comments: