गोण्डा - आज दिनांक 03.10.2026 को समय करीब प्रातः 05:13 बजे रोशनी पत्नी सोनू यादव, निवासी ग्राम अहिरन पुरवा, बालपुर हजारी, थाना कोतवाली करनैलगंज, जनपद गोण्डा द्वारा डायल-112 के माध्यम से सूचना दी गई कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसके हाथ-पैर बांधकर घर में चोरी की घटना कारित की गई है। सूचना प्राप्त होते ही उच्चाधिकारीगण को तत्काल अवगत कराया गया। प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए क्षेत्राधिकारी करनैलगंज के नेतृत्व में थाना कोतवाली करनैलगंज पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा घटना के संबंध में गहन जांच-पड़ताल एवं पूछताछ प्रारम्भ की गई।
पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही
पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए शिकायतकर्ता एवं संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा उपलब्ध तथ्यों एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का गहनता से परीक्षण किया गया। जांच के दौरान कथित चोरी की घटना के संबंध में बताए गए तथ्यों में विरोधाभास पाए जाने पर पुलिस द्वारा विभिन्न पहलुओं पर सघनता से छानबीन की गई। लगातार की गई जांच एवं पूछताछ के परिणामस्वरूप कथित चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए चोरी में गए बताए जा रहे समस्त जेवरात घर के अंदर ही उपले के ढेर से बरामद कर लिए गए। जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि चोरी एवं हाथ-पैर बांधने के संबंध में दी गई सूचना असत्य एवं मनगढ़ंत थी तथा वास्तविक रूप से उक्त प्रकार की कोई चोरी की घटना घटित नहीं हुई थी। कथित चोरी में गए बताए जा रहे समस्त जेवरात को नियमानुसार काली प्रसाद यादव पुत्र शीतला प्रसाद यादव एवं सोनू यादव पुत्र शीतला प्रसाद यादव, निवासीगण ग्राम अहिरन पुरवा, बालपुर हजारी, थाना कोतवाली करनैलगंज, जनपद गोण्डा, जो आपस में सगे भाई हैं, के सुपुर्द किया गया।
गोण्डा पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि किसी भी आपातकालीन अथवा आपराधिक घटना की सूचना डायल-112/पुलिस को देते समय तथ्यों को सही एवं सत्य रूप में प्रस्तुत करें। असत्य, भ्रामक अथवा मनगढ़ंत सूचना देने वाले के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
No comments:
Post a Comment