Sep 30, 2026

मोबाइल में ए0पी0के0 फाइल डाउनलोड कराकर साइबर ठगी करने वाले गैंग का सरगना गिरफ्तार



गोण्डा - साइबर थाना, जनपद गोण्डा द्वारा मोबाइल फोन में ए0पी0के0 फाइल डाउनलोड कराकर साइबर ठगी करने वाले गैंग के सरगना दीपक सिंह तंवर को गिरफ्तार किया गया। 
वादी राजेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, निवासी मकान संख्या-2060, आवास विकास कॉलोनी, गोण्डा के मोबाइल फोन में ए0पी0के0 फाइल डाउनलोड कराकर उनके खाते से ’₹5,23,000/- की साइबर ठगी की गई थी। ठगी की धनराशि से मेक माई ट्रिप के माध्यम से विभिन्न 5-स्टार होटलों की बुकिंग की गई तथा कुछ धनराशि आई0डी0एफ0सी0 बैंक द्वारा डिजिटल रूप से प्रदान किए गए क्रेडिट कार्ड में सेटल की गई थी। उक्त प्रकरण के संबंध में वादी द्वारा पुलिस अधीक्षक गोण्डा को प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिसके आधार पर साइबर थाना गोण्डा पर मु0अ0सं0-006/2026, धारा 319(2), 318(4) बीएनएस एवं धारा 66(डी) आई0टी0 एक्ट का अभियोग पंजीकृत किया गया। साइबर थाना गोण्डा की पुलिस टीम द्वारा मुकदमा उपरोक्त से संबंधित गैंग के सरगना दीपक सिंह तंवर को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध साइबर थाना की पुलिस टीम द्वारा विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय रवाना किया गया। 
पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि उसके द्वारा लोगों के मोबाइल फोन में ए0पी0के0 मालवेयर डाउनलोड कराकर मोबाइल का एक्सेस प्राप्त किया जाता है। इसके बाद गिरोह के सदस्यों द्वारा विभिन्न सिम के माध्यम से डिजिटल बैंक खाते खुलवाकर उनमें साइबर ठगी की धनराशि डलवाई जाती है। इसके बाद उक्त धनराशि को एफ0डी0 में परिवर्तित कराकर उसके आधार पर बैंक से लगभग उतनी ही धनराशि का डिजिटल क्रेडिट कार्ड प्राप्त किया जाता है। क्रेडिट कार्ड के माध्यम से तनिष्क के आभूषण, फ्लाइट टिकट एवं अन्य ऐशो-आराम की वस्तुओं’’ की खरीदारी की जाती है तथा इसके बाद क्रेडिट कार्ड की क्लोजर रिक्वेस्ट डाल दी जाती है। अभियुक्त द्वारा यह भी बताया गया कि वह अपने नाम से कोई सिम कार्ड अथवा बैंक खाता संचालित नहीं करता है।

No comments: