मेडिकल कॉलेज बहराइच में आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न
बहराइच। महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं महर्षि बालार्क चिकित्सालय, बहराइच में बुधवार को आपदा की स्थिति में बचाव एवं नियंत्रण की तैयारियों का आकलन करने के उद्देश्य से आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों की आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करना रहा।प्रशिक्षण कार्यक्रम में 11वीं एनडीआरएफ टीम (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) के इंस्पेक्टर श्री धीरेंद्र सिंह, कांस्टेबल श्री नवीन कुमार, श्री जितेंद्र कुमार, श्री इंद्रा नारायण एवं कांस्टेबल श्री रमेश ने अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों को आपदा की स्थिति में बचाव, राहत, नियंत्रण एवं त्वरित प्रतिक्रिया के संबंध में प्रशिक्षण दिया।मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न आपात परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रशासन एवं कर्मचारियों की तैयारियों का व्यावहारिक परीक्षण किया गया। अस्पताल कर्मियों ने पूरी तत्परता, अनुशासन एवं आपसी समन्वय के साथ मॉक ड्रिल में प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के माध्यम से वास्तविक आपदा की स्थिति में समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा संभावित जान-माल की हानि को न्यूनतम करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर प मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. वर्मा, नोडल अधिकारी डॉ. अनूप कुमार,डॉ अमर सिंह,नर्सिंग अधीक्षिका श्रीमती पूनम वर्मा एवं अस्पताल प्रबंधक रिज़वान सहित चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारी एवं पूर्व सैनिक कल्याण निगम के जवान उपस्थित रहे।प्राचार्य डॉ.प्रो. संजय खत्री ने मॉक ड्रिल की सराहना करते हुए कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल समय-समय पर आयोजित होते रहना अत्यंत आवश्यक है। इससे अस्पताल के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों में आपदा के दौरान बेहतर समन्वय और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है तथा जान-माल की हानि को कम करने में सहायता मिलती है।अस्पताल प्रशासन ने भविष्य में भी आपदा प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल नियमित रूप से आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के माध्यम से मेडिकल कॉलेज बहराइच ने यह संदेश दिया कि अस्पताल किसी भी आपातकालीन एवं आपदा की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए अपनी तैयारियों को लगातार मजबूत कर रहा है।


No comments:
Post a Comment