एक ठेले व स्टॉल पर 4 से 8 अवैध वेंडर,बिना एफएसएसएआई कोल्ड ड्रिंक व 20 रुपये में पानी
बोगियों में जबरन घुसकर बिक्री, आरपीएफ व वाणिज्य विभाग मौन
गोण्डा - पूर्वोत्तर रेलवे गोंडा जंक्शन के प्लेटफार्मों पर अवैध वेंडरों का साम्राज्य चल रहा है। रेलवे नियमों को दरकिनार कर खुलेआम खान-पान, फ्रूटी व कोल्ड ड्रिंक की बिक्री की जा रही है। इससे यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है और स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।
एक लाइसेंस पर 4 से 8 अवैध वेंडर
सूत्रों के अनुसार खान-पान के थ्री-व्हीलर ठेले पर रेलवे द्वारा मात्र एक लाइसेंसी वेंडर अधिकृत है। इसके बावजूद किसी ठेले पर चार, किसी पर छह तो किसी पर आठ अवैध वेंडरों को रखा गया है। ट्रेन आते ही ये वेंडर बेतहाशा बोगियों में चढ़ जाते हैं। यात्रियों को धक्का देकर जबरन सामान बेचते हैं। बुजुर्ग और महिला यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है।
अधोमानक पानी व बिना एफएसएसएआई कोल्ड ड्रिंक
गोरखपुर की तरफ से ट्रेन रुकते ही दर्जनों बाहरी वेंडर प्लेटफॉर्म पर पहुंच जाते हैं। ये बिना एफएसएसएआई मार्का वाले कोल्ड ड्रिंक व अधोमानक पानी की बोतल 20 रुपए में बेचते हैं। इससे यात्रियों की जेब तो कट ही रही है, साथ ही बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
छोले की जगह परोस रहे आलू-मटर
रेलवे गाइडलाइन के अनुसार स्टालों पर पूड़ी-भटूरे के साथ काबुली चने का छोला दिया जाना चाहिए। लेकिन गोंडा जंक्शन पर लाइसेंसी वेंडर खुलेआम मटर व आलू की सब्जी परोस रहे हैं। खुले में रखे खाद्य पदार्थों पर जाली न होने से मक्खियां बैठती हैं। इससे संक्रमण फैलने की आशंका बनी रहती है।
सेवादार बन गए वेंडर
चर्चा है कि कुछ जिम्मेदारों ने अपने आवासों में रखे गए निःशुल्क सेवादारों को भी अवैध वेंडरी के लिए प्लेटफॉर्म पर उतार दिया है।
आरपीएफ व सीएचआई की चुप्पी पर सवाल
प्लेटफार्म पर वाणिज्य निरीक्षक, डीसीआई, प्लेटफॉर्म निरीक्षक व रेलवे सुरक्षा बल की भारी तैनाती के बावजूद अवैध वेंडरों की भरमार है। सीएचआई द्वारा खाद्य पदार्थों की जांच न करने से भी सवाल उठ रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि विभागीय मिलीभगत के बिना इतने बड़े स्तर पर अवैध वेंडिंग संभव नहीं है। यात्रियों ने मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ व रेल मंत्रालय से तत्काल छापेमारी कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
क्या कहते हैं सहायक सुरक्षा आयुक्त एमपी दूबे
जब यह जानकारी दी गई कि कुछ अधिकारी अपने यहां सेवादार रखकर अवैध वेंडिंग कराते हैं तो उनके द्वारा कहा गया कि छाप दीजिए,जिससे प्रतीत होता है कि उनको यह प्रश्न अच्छा नही लगा,जो जांच का विषय है।
क्या कहते हैं डीसीआई रेलवे
डीसीआई संजय कुमार ने कहा कि हमारे व प्लेट फॉर्म इंस्पेक्टर पंकज कुमार श्रीवास्तव द्वारा नित्य अभियान चलाया जाता है पुनः आज स्टालों व थ्री-व्हीलरों पर विक्री किए जा रहे सब्जी व छोले का निरीक्षण कर कार्यवाही की जाएगी।
No comments:
Post a Comment