Jun 28, 2026

गोण्डा में प्रेम विवाह का खूनी अंत: साले ने गला रेतकर की जीजा की हत्या



डेढ़ साल पहले भगाकर की थी शादी, कॉमन दोस्त बुलाकर ले गया था

वजीरगंज के चिलमपुर में वारदात, आरोपी फरार; 4 महीने की बेटी के सिर से उठा पिता का साया

गोण्डा- प्रेम विवाह की रंजिश में शनिवार रात खून की होली खेली गई। डेढ़ साल पहले प्रेमिका को भगाकर शादी करने वाले आजाद सिंह (30) की उसके ही साले ने गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात वजीरगंज थाना क्षेत्र के चिलमपुर गांव में हुई। हत्या के बाद दोनों आरोपी फरार हैं।  

कॉमन दोस्त बुलाकर ले गया, शराब के दौरान हुआ विवाद
 
मृतक की पत्नी पिंकी सिंह ने बताया कि शनिवार शाम करीब 7 बजे गांव का सुरेश विश्वकर्मा उनके पति आजाद को घर से बुलाकर ले गया था। पुलिस के मुताबिक, चिलमपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने से पहले दोनों गांव में रुके। सुरेश ने शराब पीने की बात कही। इसी दौरान पिंकी का सौतेला भाई और आजाद का रिश्ते में चाचा लगने वाला संदीप सिंह वहां पहुंच गया। बहन को भगाकर शादी करने को लेकर संदीप और आजाद में कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में संदीप ने चाकू से आजाद के गले पर वार कर दिया। लहूलुहान आजाद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।  चिलमपुर निवासी घनश्याम पांडेय ने बताया कि वारदात उनके घर के सामने हुई। उस समय वह परिवार के साथ गांव में ही एक निमंत्रण में गए थे। लौटने पर लोगों ने बताया कि उनके दरवाजे पर कोई पड़ा है। “पहले लगा नशे में होगा, पास गया तो खून से लथपथ था।” घनश्याम ने तुरंत 112 पर सूचना दी। पुलिस आजाद को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।  

डेढ़ साल पहले भगाई थी बहन, हुआ था सामाजिक बहिष्कार

पुलिस के अनुसार, पुरवा गांव निवासी आजाद ने डेढ़ साल पहले दोस्त संदीप की सौतेली बहन पिंकी को भगाकर शादी की थी। इसके बाद गांव में पंचायत हुई और आजाद के परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया। मां शीला सिंह ने भी नाराज होकर आजाद को घर से अलग कर दिया था। तब से आजाद पत्नी पिंकी और 4 महीने की बेटी अनामिका के साथ नवाबगंज मंडी के पास किराये पर रह रहा था। मां शीला और छोटा भाई मोनू अमृतसर में रहते हैं, जो सूचना पर गोण्डा पहुंचे।  

मां की तहरीर पर एफआईआर, आरोपियों की तलाश में दबिश

एएसपी पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि मृतक की मां शीला सिंह की तहरीर पर संदीप सिंह और सुरेश विश्वकर्मा के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं, जल्द गिरफ्तारी होगी।

डेढ़ साल पुरानी रंजिश ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। 4 महीने की बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया। पंचायत के बहिष्कार और परिवार की नाराजगी के बाद भी दोनों साथ थे, पर नफरत की आग बुझी नहीं। सवाल ये है कि समाज कब तक प्रेम को ‘अपराध’ मानकर खून बहाता रहेगा? कानून को अब सख्त मिसाल पेश करनी होगी।

No comments: