May 27, 2026

सीएम डैशबोर्ड की मंडलीय समीक्षा बैठक में आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल दिखीं सख्त





आयुक्त ने की विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय रैंकिंग की गहन समीक्षा

रैंकिंग सुधारने, फैमिली आईडी निर्माण में तेजी लाने और लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने के दिए निर्देश

गोण्डा - देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने मंडल के सभी जिलाधिकारियों एवं मुख्य विकास अधिकारियों के साथ प्रदेश सरकार के सर्वोच्च प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों से संबंधित सीएम डैशबोर्ड की मंडलीय समीक्षा बैठक की। बैठक में अन्य जनपदों के जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे, जबकि संयुक्त विकास आयुक्त, डीएम गोंडा एवं सभी मंडलीय अधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान आयुक्त ने मंडल में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विभागीय उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं वाले कार्यक्रमों, लंबित प्रकरणों, विभागीय रैंकिंग तथा जनहित से जुड़े कार्यों की प्रगति पर गहन चर्चा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए।

आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर विभागों की रैंकिंग शासन स्तर पर कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण मानक है, इसलिए जिन विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं है, वे तत्काल सुधारात्मक कदम उठाकर अपनी रैंकिंग बेहतर करें। उन्होंने कहा कि किसी एक विभाग की खराब स्थिति से पूरे मंडल की रैंकिंग प्रभावित होती है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित समीक्षा, प्रभावी मॉनिटरिंग और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

फैमिली आईडी निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने धीमी गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम स्तर पर विशेष कैंप आयोजित कर फैमिली आईडी बनाने का कार्य तेज किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों का शीघ्र पंजीकरण सुनिश्चित कर शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया जाए तथा इस कार्य में मंडल की रैंकिंग में सुधार लाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

बैठक में आयुक्त ने सभी मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन पत्रों की समयबद्ध जांच कर पात्र लाभार्थियों को शीघ्र लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी आवेदन निर्धारित समय सीमा से अधिक लंबित नहीं रहना चाहिए। साथ ही लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग कर गुणवत्ता के साथ उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक पहुंचे तथा संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने योजना की रैंकिंग में सुधार लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पंचायत, कृषि, पेयजल, सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति समेत अन्य विभागों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। आयुक्त ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी टीम भावना के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करें तथा जनता को समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

बरसात के मौसम को देखते हुए आयुक्त ने मंडल में चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि वर्षा शुरू होने से पहले सभी निर्माण कार्य पूर्ण कर लिए जाएं अथवा अधिकतम कार्य पूरा कर लिया जाए, ताकि जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परियोजनाएं समय पर पूरी हो सकें। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कराने के भी निर्देश दिए।

आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी जवाबदेही के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंचे। उन्होंने कहा कि मंडल की रैंकिंग सुधारना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए प्रत्येक अधिकारी को पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।

No comments: