गोण्डा: आटो में बैठे शख्स ने बैग से निकाले लाखों के जेवर व नकदी, महिला ने कोतवाली कर्नलगंज में तहरीर दी
गोण्डा। कर्नलगंज क्षेत्र में सोमवार सुबह आटो रिक्शा में यात्रा कर रही एक महिला के बैग से लाखों रुपये कीमत के जेवरात और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने कोतवाली कर्नलगंज में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है और पुलिस जांच में जुट गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार बहराइच जनपद के थाना फखरपुर अंतर्गत ग्राम कोठवल कला निवासी वंदना सिंह पत्नी सत्यप्रकाश सिंह सोमवार 26 मई 2026 को सुबह लगभग 10 बजे अपने ससुराल से मायके ग्राम बहुवन मदार मांझा, थाना परसपुर आ रही थीं। करीब 11 बजे जरवल से कर्नलगंज आ रहा एक आटो रिक्शा लिया। आटो में सवार किसी अज्ञात व्यक्ति ने प्रार्थिनी के बैग से 4 सोने की चूड़ियाँ, 2 लेडीज अंगूठियाँ, 1 जेंट्स अंगूठी, 1 चैन, 1 बाला, 1 सुई-धागा, 1 मंगलसूत्र, 1 छोटा माला और गले का पान जैसी अन्य चीजें निकाल लीं।जब वंदना ने आटो का किराया देने के लिए बैग उठाया तो देखा कि बैग का ज़िप खुला है और जेवरात गायब हैं। बैग में रखे नकद लगभग 3000 रुपये भी गायब मिले। प्रार्थिनी उस समय अकेली थीं और आटो रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पीड़िता कोतवाली कर्नलगंज पहुँची और पुलिस को लिखित तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराने व आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच प्रारम्भ कर दी है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाने और आटो रिक्शा चालक व संदिग्धों की पहचान व धर-पकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं। कोतवाली प्रभारी ने कहा कि संदेहितों की पहचान कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
No comments:
Post a Comment