गोण्डा - दिनांक 02.09.2026 को वादिनी ममता सिंह पत्नी मनीप्रकाश सिंह, निवासी जानकीपुरम लखनऊ, अपने मायके ग्राम चौहरजा पुरवा, मौजा मधईपुर कुर्मी, थाना परसपुर, जनपद गोण्डा से अपनी करीब 08 वर्षीय पुत्री एवं माता के साथ लखनऊ जाने के लिए निकली थीं। पैर में तकलीफ होने के कारण उन्होंने परसपुर की ओर जा रहे मोटरसाइकिल सवार से सहायता मांगी, जिस पर वह तीनों को मोटरसाइकिल पर बैठाकर परसपुर की ओर ले जाने लगा। इसी दौरान करीब 03ः10 बजे दिन में मोल्हू पुरवा गांव के पास पीछे से काले-लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा झपट्टा मारकर वादिनी के गले से करीब एक तोला वजन की सोने की चेन छीन ली गई तथा दोनों मौके से फरार हो गए। उक्त घटना के संबंध में थाना परसपुर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत हुआ था।
थाना परसपुर एवं एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम घटना के सफल अनावरण हेतु क्षेत्र में भ्रमण शील तथा भौरीगंज रोड बाईपास पुलिया के पास सघन वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान चरहुआ बाईपास की तरफ से मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर दोनों मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी की गई, इसी दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई तथा दोनों व्यक्तियों ने मौके से भागने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस टीम द्वारा घेरघार कर पकड़ लिया गया। जामा तलाशी में अभियुक्त आदेश सिंह के कब्जे से पीली धातु की चेन तथा मोबाइल फोन एवं अभियुक्त करन सिंह के कब्जे से 02 मोबाइल फोन, अवैध देशी तमंचा .315 बोर व एक जिन्दा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ। बरामद चेन के संबंध में पूछताछ करने पर अभियुक्तों द्वारा दिनांक 02.09.2026 को मोल्हू पुरवा के पास महिला से चेन छिनैती की घटना करना स्वीकार किया गया।
No comments:
Post a Comment