Apr 29, 2026

गोण्डा में दिव्यांगजनों के लिए ब्लॉक स्तर पर विशेष शिविर, 4 से 15 मई तक चलेंगे अभियान






गोण्डा में दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर अभियान, 4 से 15 मई तक आयोजन

ब्लॉक स्तर पर लगेगा दिव्यांग शिविर, उपकरण से लेकर पेंशन तक मिलेगा लाभ

दिव्यांग सशक्तीकरण अभियान तेज, गांव-गांव से लाभार्थियों को जोड़ेगा प्रशासन

गोण्डा प्रशासन की पहल: शिविर में बनेंगे प्रमाण पत्र, मिलेंगे उपकरण और योजनाओं का लाभ

गोण्डा  -  जिलाधिकारी कार्यालय के निर्देश पर जनपद में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को जोड़ने के उद्देश्य से विकास खण्ड स्तर पर विशेष चिन्हांकन शिविरों का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर 4 मई से 15 मई 2026 तक अलग-अलग विकास खण्ड परिसरों में आयोजित होंगे, जिनका समय प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।

इन शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, कृत्रिम हाथ-पैर जैसे सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु चिन्हांकन किया जाएगा। इसके अलावा दिव्यांग पेंशन, शादी-विवाह प्रोत्साहन योजना, दुकान निर्माण/संचालन हेतु ऋण, यूडीआईडी कार्ड निर्माण तथा शल्य चिकित्सा योजनाओं के लिए भी पात्र लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।

जिलाधिकारी द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि मुख्य चिकित्साधिकारी मेडिकल बोर्ड का गठन कर शिविर स्थल पर ही दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। वहीं, सभी खण्ड विकास अधिकारी अपने क्षेत्र के अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को शिविर की जानकारी देकर उनकी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।

शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों को आवश्यक दस्तावेज जैसे दिव्यांग प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक एवं फोटो आदि साथ लाना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों को इन योजनाओं से लाभान्वित कराया जाए।

No comments: