Aug 12, 2026

एक ही गाँव में तीन घरों में चोरी, लाखों के जेवर व नकदी उठा ले गए चोर

 

करीब 50 लाख के जेवर और साढ़े चार लाख नकदी चोरी का दावा

लगातार वारदातों से पुलिस की गश्त पर सवालिया निशान 

करनैलगंज /गोण्डा - स्थानीय कोतवाली क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक ही रात में तीन घरों को निशाना बना डाला। हीरापुर कमियार चौहानन पुरवा में छत के रास्ते घरों में दाखिल हुए चोरो ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया। तीन अलग-अलग पीड़ितों द्वारा कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एक ही गांव में एक ही रात्रि में तीन घरों में चोरी की वारदात से ग्रामीण दहशत में हैं।
 क्षेत्र के ग्राम हीरापुर कमियार (चौहानन पुरवा) निवासी  देवपाल सिंह पुत्र रामशरण सिंह द्वारा बुधवार को पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि 11/12 अगस्त 2026 की रात्रि में चोर दो मंजिले मकान की छत के रास्ते कमरे में घुस गए। इसके बाद आलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिये। पीड़ित ने चोरी गए जेवरात की कीमत करीब 25 लाख रुपये और नकदी करीब ढाई लाख रुपये बताई है। घटना की जानकारी होने पर 12 अगस्त की सुबह करीब पांच बजे डायल-112 को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका।
इसी गांव के बलजीत सिंह पुत्र रामशरण सिंह ने भी पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चोर छत के रास्ते उनके घर में दाखिल हुए। कमरे में रखे संदूक व अन्य सामान को खंगालकर उनकी पत्नी तथा बेटियों माधुरी और बब्ली के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। पीड़ित के मुताबिक चोरी गए जेवरात की कीमत करीब 25 लाख रुपये तथा नकदी करीब डेढ़ लाख रुपये है। उन्होंने पुलिस से प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर चोरों के विरुद्ध कार्रवाई और घटना के शीघ्र राजफाश की मांग की है।
वहीं ग्राम पंचायत हीरापुर कमियार के ग्राम प्रधान पंकज सिंह पुत्र जगरूप सिंह ने भी पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि 11/12 अगस्त की रात्रि में अज्ञात चोर छत के रास्ते उनके मकान में घुस आए। कमरे में रखे बक्सों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर ले गए। सुबह जानकारी होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की।

एक ही रात एक ही गांव में तीन घरों में चोरी की घटना ने  पुलिस की रात्रिगश्त और अपराध नियंत्रण की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं। चोर बेखौफ होकर छतों के रास्ते घरों में दाखिल होते रहे और लाखों का माल समेटकर निकल गए। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अपराधियों में पुलिस का कितना भय रह गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है। वारदातों के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच की बात तो करती है, लेकिन घटनाओं का ठोस खुलासा और आरोपितों की गिरफ्तारी कब होगी, इसका जवाब पीड़ितों को नहीं मिल रहा है। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिया है।


ग्रामीणों का कहना है कि यदि रात में पुलिस की प्रभावी गश्त होती तो चोरों के हौंसले इतने बुलंद नहीं होते। एक ही रात में तीन घरों में चोरी से गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का शीघ्र राजफाश करने और अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

तीन घरों से लाखों के जेवरात और नकदी चोरी होने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि कोतवाली पुलिस कब तक चोरों तक पहुंचती है। लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश न लग पाना और पुरानी घटनाओं के खुलासे को लेकर उठ रहे सवाल पुलिस के लिए बड़ी चुनौती हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से घटनाओं की जांच की जा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक तीनों घटनाओं का खुलासा नहीं हो सका था।

No comments: