Mar 12, 2026

करनैलगंज कस्बे में महीनों से लाइटें खराब,नगर पालिका पर लापरवाही के आरोप

गोण्डा - नगर पालिका परिषद करनैलगंज के अंतर्गत आने वाले मोहल्ला भैरवनाथ पुरवा और सोनादासी पुरवा में महीनों से स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, जिससे पूरा इलाका अंधेरे में डूबा हुआ है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इससे नाराज लोगों ने नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही और उदासीनता का आरोप लगाया है।
मोहल्ला भैरवनाथ पुरवा निवासी समाजसेवी मोहम्मद साजिद सिद्दीकी ने 6 मार्च 2026 को नगर पालिका परिषद करनैलगंज के अधिशासी अधिकारी व अध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर क्षेत्र के सभी खराब पोल लाइटों को ठीक कराने की मांग की थी। उन्होंने बताया कि भैरवनाथ पुरवा और सोनादासी पुरवा के अधिकांश पोलों की लाइटें खराब हैं, जिससे रात में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। साजिद सिद्दीकी का आरोप है कि बीते 6 महीनों से वो स्ट्रीट लाइट की शिकायत को लेकर अधिशासी अधिकारी को पत्र के माध्यम से अवगत करा रहे है लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी ने कर्मचारी रहमान को लाइट ठीक कराने का निर्देश दिया था, लेकिन कर्मचारी द्वारा चेयरमैन से बात करने की बात कहकर मामला टाल दिया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक स्ट्रीट लाइट से जुड़े कमरे की चाबी किसी “मोनू” नाम के व्यक्ति के पास है, जो दे नहीं रहे हैं। इस वजह से लाइट लगाने का काम अटका हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई महीनों से लगातार शिकायत करने के बावजूद एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई गई, जिससे मोहल्ले में अंधेरा बना रहता है और लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर नगर पालिका परिषद करनैलगंज में एक स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए भी इतनी मशक्कत क्यों करनी पड़ रही है? क्या नगर पालिका की जिम्मेदार अधिशासी अधिकारी एक स्ट्रीट लाइट लगाने में सक्षम नहीं हैं? मोहल्ला भैरोनाथ के नागरिकों के साथ इस तरह सौतेला, पक्षपात पूर्ण व्यवहार क्यों किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द से जल्द खराब लाइटों को ठीक कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में रोशनी की व्यवस्था बहाल हो सके।

No comments: