गोण्डा - प्रदेश में पत्रकारों पर बढ़ते हमलों और उत्पीड़न की घटनाओं के विरोध में “द जर्नलिस्ट एसोसिएशन, गोण्डा” के पदाधिकारियों व पत्रकारों ने शनिवार को मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी कर्नलगंज को सौंपा है।
ज्ञापन में पत्रकारों ने कहा कि प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। हाल ही में 27 फरवरी 2026 को गोरखपुर के बांसगांव क्षेत्र में पत्रकार अग्निवेश सिंह की दबंगों द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जो लोकतंत्र की आवाज़ को दबाने का गंभीर प्रयास है। इस घटना ने पूरे पत्रकार जगत को झकझोर कर रख दिया है। इसके साथ ही वाराणसी में एक महिला पत्रकार के साथ पुलिस अधिकारी अंजनी कुमार राय द्वारा कथित अश्लील हरकत और उनके साथी पत्रकार के साथ अभद्रता की घटना को भी बेहद निंदनीय बताया गया। पत्रकारों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता और सुरक्षा पर सीधा हमला हैं। पत्रकार संगठन ने मांग की कि पत्रकार अग्निवेश सिंह हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर से कठोर दंड दिया जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। इसके अलावा वाराणसी की घटना में शामिल दोषी पुलिस अधिकारी पर सख्त कार्रवाई करने की भी मांग की गई। ज्ञापन में यह भी मांग उठाई गई कि प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पत्रकार सुरक्षा अधिनियम को शीघ्र लागू किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके। इस मौके पर एमडी मौर्य, पवनदेव सिंह, प्रवीण श्रीवास्तव, अभय प्रताप सिंह, शिवकुमार पाण्डेय, अवधराज गोस्वामी, अमरेश प्रजापति, रविकांत मिश्र सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment