Breaking






Feb 1, 2023

विवाह समारोह में गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा,दस महिलाओं समेत चौदह लोगों की मौत, बचाव कर्मी भी झुलसे।

झारखंड में धनबाद के जोड़ा फाटक स्थित दस मंजिला आशीर्वाद ट्विन टावर में मंगलवार शाम भीषण आग लग गई। इसमें 10 महिलाओं समेत 14 लोगों की मौत हो गई। अब तक 35 से अधिक घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है।

आग सजावट के लिए लगाये हुए दीपक गिरने से लगी। फिर गैस सिलेंडर से भड़क उठी। पहले सिलेंडर ब्लास्ट से आग लगने की बात सामने आई थी। 20 से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया ।

आग मंगलवार शाम साढ़े छह बजे थर्ड फ्लोर पर लगी । देखते-देखते एक फ्लैट से दूसरे फ्लैट और फिर 6 फ्लोर तक फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि झुलसने के कारण शव पहचान में नहीं आ रहे हैं। कुछ शव एक-दूसरे से चिपके हुए हैं।

मृतकों में 10 महिलाएं, तीन बच्चे और एक बुजुर्ग शामिल हैं। मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। देर रात तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा। बिल्डिंग में अब भी कई लोग फंसे हैं, जिन्हें निकालने की कोशिश की जा रही है।
 चौथी मंजिल पर सुबोध लाल वर्णवाल का फ्लैट है। उनकी बेटी पूजा का मंगलवार को विवाह था। सुबोध लाल के रिश्तेदार अशोक लाल ने बताया कि दुल्हन तैयार होकर शाम पांच बजे मैरिज गार्डन चली गई थीं। वहीं पूजा की मां, चाची, मौसी समेत महिलाएं और बच्चे तैयार होकर निकलने वाले थे। वे आग में घिर गए वे बदहवास होकर इधर-उधर भाग रहे थे। महिलाएं लगेज लेकर सीढ़ी से नीचे उतरने लगीं। इसी दौरान आग की लपटों में घिरकर पूजा की मां माला देवी, मौसी सविता देवी, सविता देवी का 8 साल का बेटा अमन, एक अन्य रिश्तेदार सुशीला देवी और चार साल की बच्ची तान्या की मौत हो गई। इस दुर्घटना में पूजा के बुजुर्ग दादा की भी मौत हो गई है
आग इतनी भयानक थी कि कुछ बचावकर्मी भी झुलस गए हैं। लोगों को बचाते समय बैंक मोड़ थाना प्रभारी पीके सिंह भी झुलस गए हैं। उन्हें उपचार के लिए स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से दुखी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घायल को बेहतर उपचार हेतु निर्देश दिए हैं और राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने शोक जताया है 

No comments: