प्रयागराज - उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में करछना इलाके में रहने वाला फिरोज बिहार के सूरज गुप्ता की हत्या करने बाद खुद को भी मृतक साबित करना चाहता था,लेकिन फिरोज कामयाब नहीं हो सका।ये बड़ी अचंभित करने वाली कहानी थी।इससे पहले प्रयागराज में ये कहानी अल्लापुर के महेंद्र सिंह दोहरा चुका है।अंतिम संस्कार होने के बाद जब महेंद्र सिंह अपनी पत्नी की पिटाई करने पहुंचा तो लोगों ने सोचा कि घरवालों ने किसी भूत को देख लिया है। दोबारा उसने ससुराल में विवाद किया तो ग्रामीणों ने पकड़ कर उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद उसकी हैवानियत का पर्दाफाश हुआ।अब पुलिस ने हत्या के मामले में कार्रवाई के लिए उड़ीसा पुलिस से संपर्क किया है।
उड़ीसा में युवक को जलाया
अल्लापुर के रहने वाले महेंद्र सिंह की शादी सरायइनायत थाना क्षेत्र में रहने वाले मिथिलेश सिंह की बेटी के साथ 2013 में हुई थी।महेंद्र सिंह उड़ीसा में काम कर रहा था और बालासोर में रहता था। 2021 में एक निजी लैब कंपनी में बतौर मैनेजर पद पर महेंद्र सिंह तैनात था। 15 जुलाई 2021 को महेंद्र सिंह ने मुन्ना भइया नाम के व्यक्ति की हत्या कर दी और शव को जला दिया।शव की पहचान ना हो सके,उसकी जगह पर अपनी आईडी रख दी थी।अगले दिन उड़ीसा पुलिस को लगा कि प्रयागराज के रहने वाले महेंद्र सिंह की हत्या कर दी गई। उड़ीसा पुलिस ने महेंद्र के परिजनों से संपर्क किया। आखिर में प्रयागराज में महेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
महेंद्र सिंह ने अपना इंश्योरेंस भी कराया था।परिजनों ने क्लेम कर इंश्योरेंस भी ले लिया।महेंद्र की विधवा पत्नी अपने ससुराल में ही रहती थी।जुलाई 2021 में अंतिम संस्कार के बाद जून 2022 में महेंद्र अपने घर पहुंचा। रात में पत्नी से मिला तो वहां पर विवाद हो गया। महेंद्र ने पत्नी को थप्पड़ मार दिया। महेंद्र इंश्योरेंस की रकम चाह रहा था। पत्नी डर गई और चीख पड़ी,लेकिन तब तक महेंद्र भाग चुका था। पुलिस को भी सूचना दी गई।
जॉर्जटाउन थाने की पुलिस भी पहुंच गई,लेकिन किसी को विश्वास नहीं हुआ कि महेंद्र वहां पर पहुंचा था। इसके बाद महेंद्र की पत्नी अपने मायके चली गई। 6 जून 2022 को महेंद्र अपनी ससुराल पहुंचा और मारपीट करने लगा। गांव वालों ने महेंद्र को पकड़कर पिटाई कर दी और सरायइनायत थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो महेंद्र ने स्वीकारा कि उसने मुन्ना भइया की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया और उड़ीसा पुलिस को कार्रवाई के लिए पत्राचार किया है।
No comments:
Post a Comment