Sep 7, 2022

करनैलगंज:पंचायत भवन निर्माण मामले में जारी है सह मात का खेल,अब रेलवे बना निर्माण में रोड़ा

करनैलगंज/गोण्डा - स्थानीय तहसील मुख्यालय स्थित बिकास खंड करनैलगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत करनैलगंज ग्रामीण में पंचायत भवन निर्माण का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है । गांव में स्थल चयन को लेकर विवाद है। स्थल चयन को लेकर उपजे विवाद में जिलाधिकारी डा.उज्जवल कुमार द्वारा एसडीएम व बीडीओ करनैलगंज को निरीक्षण कर मामले का समाधान कराने का निर्देश दिया गया है इसी बीच बुधवार को मामले में रेल भूमि के निकट निर्माण कार्य करने के सम्बन्ध में रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर जरवल रोड़ द्वारा पत्र जारी कर मामले को और पेंचीदा बना दिया गया,जो पंचायत भवन के निर्माण में रोड़ा बन सकता है। रेल विभाग द्वारा ग्राम प्रधान, उपजिलाधिकारी तथा खण्ड विकास अधिकारी करनैलगंज को पत्र भेजकर कहा गया है कि करनैलगंज-कस्तूरी स्टेशन के मध्य किमी0 684/5-6 के पास रेलेव भूमि के निकट आप के द्वारा सरकारी भवन का निर्माण कार्य कराया जाना है जबकि रेलवे बोर्ड के आदेशानुसार तथा रेलवे नियमावली के अनुसार रेलवे सीमा के बाद 25 से 30 मी० की दूरी छोड़कर ही कोई भी सरकारी बिल्डिंग का निर्माण कार्य कराया जा सकता है। ऐसी स्थिति में रेलवे सीमा के बाद 25 से 30 मी० को छोड़कर ही निर्माण कार्य कराया जाये। एक तरफ जनहित में जारी डीएम का आदेश है तो वहीं दूसरी तरफ रेलवे सीमा क्षेत्र को लेकर विभाग द्वारा जारी पत्र है। देखना यह है कि स्थानीय अधिकारी स्थल चयन को लेकर क्या निर्णय लेते हैं क्योंकि दोनो पत्रों को दृष्टिगत रखते हुए उन्हें स्थल चयन कर पंचायत भवन का निर्माण कराना है।

No comments: