Nov 26, 2026

November 26, 2026

संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर जिम्मेदार नागरिक बनें विद्यार्थी : विनोद तिवारी


राधे फाउण्डेशन के तत्वावधान में कम्पोजिट विद्यालय पैड़ीबरा में निबंध प्रतियोगिता आयोजित

गोण्डा - संविधान दिवस के अवसर पर राधे फाउण्डेशन के तत्वावधान में कम्पोजिट विद्यालय पैड़ीबरा में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद तिवारी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में फार्मासिस्ट डॉ. मनोज शुक्ल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्षता कर रहे प्रधानाध्यापक विनोद तिवारी ने कहा कि भारतीय संविधान केवल देश को संचालित करने वाला कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, समानता और सामाजिक न्याय का आधार है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे संविधान में निहित आदर्शों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखें, बल्कि अपने व्यवहार और जीवन में भी अपनाएं। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा, अनुशासन, आपसी सद्भाव और कर्तव्यनिष्ठा को एक अच्छे नागरिक की पहचान बताते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र के निर्माता हैं। मुख्य अतिथि डॉ. मनोज शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी स्मरण कराता है। संविधान ने हमें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, समानता और न्याय का अधिकार दिया है, लेकिन इन अधिकारों की सार्थकता तभी है जब हम दूसरों के अधिकारों का भी सम्मान करें। उन्होंने कहा कि जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर एक-दूसरे के प्रति सम्मान एवं सहयोग की भावना रखना ही संविधान की वास्तविक भावना है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे संविधान का अध्ययन करें, देश के महापुरुषों के विचारों को जानें और अपने ज्ञान एवं संस्कारों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लें। संस्था के सचिव रजनी कान्त तिवारी ने कहा कि राधे फाउण्डेशन का उद्देश्य शिक्षा के माध्यम से समाज में जागरूकता, समानता और स्वावलंबन की भावना को मजबूत करना है। संविधान दिवस जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने के साथ ही उनमें सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि निबंध प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां बच्चों की रचनात्मकता, विचार क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल को निखारने का बेहतर माध्यम हैं। संस्था भविष्य में भी विद्यालयों के माध्यम से शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष बृजेश तिवारी, कप्तान शुक्ल, शिक्षक विवेक विक्रम सिंह, प्रमोद सतवलिया, लवकुमार तिवारी सहित विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को संविधान के आदर्शों का सम्मान करने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा राष्ट्र और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
November 26, 2026

दहेज मृत्यु के मामले में 01 वांछित अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार




गोण्डा - थाना को0 देहात पुलिस द्वारा मु0अ0सं0 716/26 धारा 80(2), 85 बीएनएस एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम से संबंधित वांछित अभियुक्त सूर्य प्रकाश तिवारी पुत्र सुभाष चन्द्र तिवारी निवासी ग्राम कैथोला डीहा थाना को0 देहात जनपद गोण्डा को कैथोला रेलवे स्टेशन के बाहर से गिरफ्तार किया गया । गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर न्यायालय रवाना किया गया ।


दिनांक 19.07.2026 को वादी मुरलीधर दूबे पुत्र बच्चाराम दूबे निवासी ग्राम नदईपुरवा बमडेरा थाना कटरा बाजार जनपद गोण्डा द्वारा थाना को0 देहात पर लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया कि लगभग 14 माह पूर्व उनकी पुत्री आँचल की शादी रामप्रकाश तिवारी पुत्र सुभाष चन्द्र तिवारी निवासी ग्राम कैथोला डीहा थाना को0 देहात, जनपद गोण्डा के साथ हुई थी । शादी के कुछ समय बाद से ही ससुरालीजनों द्वारा दहेज में फोरव्हीलर की मांग को लेकर उनकी पुत्री को प्रताड़ित एवं मारपीट किया जाता था । दिनांक 19.07.2026 को उनकी पुत्री की जहरीला पदार्थ खाने से मृत्यु हो गई । प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना को0 देहात में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था । आज दिनांक 26.11.2026 को थाना को0देहात पुलिस द्वारा साक्ष्य संकलन के आधार पर दहेज हत्याभियुक्त सूर्य प्रकाश तिवारी पुत्र सुभाष चन्द्र तिवारी को कैथोला रेलवे स्टेशन के बाहर से गिरफ्तार किया गया ।  


November 26, 2026

शादी का झांसा देकर को लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को पुलिस ने दबोचा

 
गोण्डा - थाना खोड़ारे पुलिस द्वारा मु0अ0सं0 320/2026 धारा 87 बीएनएस से संबंधित अपहृता को बभनान रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-02 से सकुशल बरामद किया गया तथा घटना में संलिप्त अभियुक्त बबलू पुत्र सलीम निवासी ग्राम केशवनगर ग्रांट पूर्वी पोखरहिया, थाना खोड़ारे, जनपद गोण्डा को दिनांक 25.11.2026 को बभनान रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-02 से गिरफ्तार किया गया । गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर न्यायालय रवाना किया गया ।

दिनांक 15.11.2026 को थाना खोड़ारे क्षेत्रान्तर्गत मझौवा तोंग निवासी एक महिला द्वारा थाना खोडारे पर लिखित तहरीर दी गयी कि दिनांक 14.11.2026 को उनकी पुत्री को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले जाया गया । प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना खोड़ारे पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया ।
 

November 26, 2026

मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अभिनव पहल ‘परंपरा से पोषण’ से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मिल रही नई दिशा



गुड़, भुना चना, सत्तू, कैल्शियम, ओआरएस-जिंक एवं फोर्टिफाइड राशन से लाभार्थियों को किया जा रहा पोषण के प्रति जागरूक

 

गोण्डा -   मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, कुपोषण की समस्या को दूर करने तथा पारंपरिक पौष्टिक खानपान की समृद्ध भारतीय परंपरा को पुनर्जीवित करने की दिशा में मण्डलायुक्त देवीपाटन मण्डल दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर संचालित ‘परंपरा से पोषण’ अभियान प्रभावी रूप से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में जनपद बलरामपुर में पोषण सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित कर 250 अतिकुपोषित बच्चों एवं उनकी माताओं को पोषण सामग्री उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम में विधायक सदर पल्टूराम, जिलाधिकारी विपिन जैन एवं मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने लाभार्थियों को स्वास्थ्य का उपहार स्वरूप पारंपरिक लोहे की कड़ाही एवं पोषण किट वितरित की।

पारंपरिक खानपान और आधुनिक पोषण का समन्वय

अभियान के अंतर्गत लाभार्थियों को गुड़, भुना चना, सत्तू जैसे स्थानीय एवं पारंपरिक पौष्टिक खाद्य पदार्थों के साथ कैल्शियम, ओआरएस-जिंक तथा पोषक तत्वों से युक्त फोर्टिफाइड टेक होम राशन (THR) उपलब्ध कराया गया। लोहे की कड़ाही के वितरण का उद्देश्य भोजन में आयरन की उपलब्धता बढ़ाने के पारंपरिक उपाय को प्रोत्साहित करना है। इसके माध्यम से माताओं को दैनिक भोजन में पौष्टिक एवं स्थानीय खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
 विधायक पल्टूराम ने कहा कि मातृ एवं शिशु पोषण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं शारीरिक विकास के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक है। पारंपरिक खाद्य पदार्थों को दैनिक खानपान में शामिल कर कुपोषण की समस्या से प्रभावी ढंग से मुकाबला किया जा सकता है।

जिलाधिकारी विपिन जैन ने कहा कि ‘परंपरा से पोषण’ अभियान पारंपरिक खाद्य परंपराओं को पुनर्जीवित करने के साथ ही महिलाओं एवं बच्चों को बेहतर पोषण के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लाभार्थियों का नियमित फॉलोअप किया जाए तथा बच्चों के वजन, स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे अभियान का वास्तविक लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे।

मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने कहा कि आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, नियमित निगरानी तथा माताओं को पोषण संबंधी परामर्श उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से और प्रभावी बनाया जाएगा।

चारों जनपदों में 1,046 लाभार्थियों तक पहुंचा अभियान

उल्लेखनीय है कि मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर देवीपाटन मण्डल के चारों जनपदों में ‘परंपरा से पोषण’ अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत अब तक जनपद गोण्डा में 250, बहराइच में 296, श्रावस्ती में 250 तथा बलरामपुर में 250 अतिकुपोषित बच्चों एवं उनकी माताओं को पोषण सामग्री वितरित की जा चुकी है। इस प्रकार मण्डल में कुल 1,046 लाभार्थियों को अभियान से लाभान्वित किया गया है।

सामग्री वितरण से आगे, पोषण की आदतों में बदलाव का प्रयास

मण्डलायुक्त की इस पहल की विशेषता यह है कि इसका उद्देश्य केवल पोषण सामग्री वितरित करना नहीं, बल्कि पारंपरिक एवं स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों को परिवारों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना है। इसके माध्यम से माताओं को बच्चों के संतुलित आहार, स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करते हुए कुपोषण के विरुद्ध सामूहिक जनभागीदारी विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी माताएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।
November 26, 2026

29 नवंबर को मां वाराही न्यूज़ का होगा विशेष सेमिनार, जुटेंगी हस्तियां

लखनऊ - राजधानी के हजरतगंज स्थित प्रेस क्लब में मां वाराही न्यूज़ के बैनर पर आगामी 29 नवंबर को सात साल बेमिशाल पूर्ण होने पर भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजित कार्यक्रम में देश की जानी मानी हस्तियां शामिल होंगी। वर्तमान में सोशल मीडिया के महत्व विषय पर आयोजित सेमिनार में कुछ विशिष्ट अतिथियों का सम्मान किया जाएगा।
November 26, 2026

बारात से लौट रही कार पुलिया से टकराई, एक की मौत, पांच गंभीर




जयमाल कार्यक्रम के बाद घर लौट रहे थे सभी, सोनवार मोड़ के पास हुआ हादसा

करनैलगंज/गोण्डा  - बारात से लौट रहे लोगों की कार बुधवार देर रात करनैलगंज-हुजूरपुर मार्ग पर अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में कार सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक बहराइच जिले के कानूनगोपुरा दक्षिणी निवासी लोग करनैलगंज के बरगदी कोट में भगत तिवारी के यहां बारात में शामिल होने आए थे। बुधवार रात जयमाल कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी बलेनो कार से घर लौट रहे थे। रात करीब दो बजे बैकुंठनाथ महाविद्यालय के पास सोनवार मोड़ से आगे कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने शिव शंकर पाण्डेय (45) को मृत घोषित कर दिया। वहीं अर्जुन पाण्डेय (18), सोमनाथ पाण्डेय (40), अभिनव पाण्डेय (30), शुभम पाण्डेय (19) और कृष्णा पाण्डेय (30) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल  रेफर कर दिया गया।

एसएसआई दुर्गा प्रसाद पाण्डेय ने बताया कि घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही बारात में शामिल लोगों और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।


Nov 25, 2026

November 25, 2026

लखनऊ में होगा दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ‘स्पार्क-ओ-फेस्ट 2.0’, उद्घाटन करेंगे डिप्टी CM ब्रजेश पाठक




लखनऊ - सरस्वती डेंटल कॉलेज एवं जूपअप के संयुक्त तत्वावधान में 28 और 29 नवंबर को अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ‘स्पार्क-ओ-फेस्ट 2.0’ का आयोजन होगा। इसका उद्घाटन उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक करेंगे। सम्मेलन में देशभर से 2000 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

यह जानकारी स्पार्क नवाचार एवं उद्भवन केंद्र के संस्थापक निदेशक और सम्मेलन अध्यक्ष कमांडर सुमित घोष ने बुधवार को लखनऊ गोल्फ क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन में 250 से अधिक प्रतिभागी विचार-विमर्श, स्टार्टअप प्रस्तुतीकरण, नवाचार प्रदर्शनी और इलेक्ट्रॉनिक पोस्टर प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। विजेताओं को कुल पांच लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। चेन्नई, हैदराबाद, मुंबई, पुणे और दिल्ली समेत कई शहरों से प्रतिभागी पहुंचेंगे।

कार्यक्रम में नौ मुख्य व्याख्यान, दो उच्चस्तरीय परिचर्चाएं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर दो विशेषज्ञ कार्यशालाएं होंगी। इनमें नवाचार, निवेश, उद्यमिता, उन्नत तकनीक और सरकारी योजनाओं पर चर्चा होगी।

सम्मेलन निदेशक डॉ. कुणाल साह ने कहा कि नवाचार की भूमिका अब स्वास्थ्य और दंत चिकित्सा के क्षेत्र में भी बढ़ रही है। इससे मरीजों की देखभाल और इलाज की गुणवत्ता बेहतर बनाई जा सकती है।

आयोजन सचिव डॉ. कविता धिंसा ने बताया कि युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने, फंडिंग, बौद्धिक संपदा अधिकार और व्यावसायिक रणनीतियों की जानकारी दी जाएगी। सम्मेलन में पॉडकास्ट सेंटर, लाइव प्रसारण और स्वयंसेवकों के लिए एआई कार्यशालाएं भी होंगी। ‘विचार से प्रभाव तक’ थीम पर होने वाला यह आयोजन विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और उद्यमियों को साझा मंच देगा।