Jun 17, 2026

June 17, 2026

करीब 3 लाख रुपये कीमत के 16 गुम/खोए हुए एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर स्वामियों को किए गए सुपुर्द


 गोण्डा - एसपी विनीत जायसवाल के निर्देशन में जनपद में गुम एवं खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना खरगूपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। भारत सरकार द्वारा विकसित एवं उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित सीईआईआर पोर्टल की नियमित समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षकों/थानाध्यक्षों को अधिकाधिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए थे। उक्त निर्देशों के अनुपालन में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक के कुशल पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर आनन्द कुमार राय के नेतृत्व में थाना खरगूपुर की टीम द्वारा सर्विलांस सेल के सहयोग से सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का प्रभावी निस्तारण करते हुए थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से गुम/खोए हुए 16 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। दिनांक 17.06.2026 को बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए। अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस प्राप्त कर मोबाइल स्वामियों के चेहरे खुशी से खिल उठे तथा उन्होंने गोण्डा पुलिस एवं थाना खऱगूपुर पुलिस की कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।


June 17, 2026

मामूली विवाद में हो गया खूनी संघर्ष

हापुड़ - मामूली विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया,
विवाद के दौरान जमकर लाठी डंडे और ईट पत्थर चले।झगड़े के दौरान मौके पर मची अफरा- तफरी मच गई,
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच शुरू की, पूरा मामला थाना बाबूगढ़ क्षेत्र से जुड़ा है।
June 17, 2026

गांव प्रधान ने वोटर लिस्ट से कटवा दिया 200 लोगों का नाम, लगा गंभीर आरोप

गोण्डा - तरबगंज तहसील क्षेत्र अंतर्गत लिदेहना ग्रंट गांव के 200 लोगों का मतदाता सूची से नाम गायब होने का आरोप है,गांव के 200 लोगों का नाम सूची से गायब होने पर ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत की। लोगो द्वारा मौजूदा प्रधान पर नाम कटवाने का आरोप लगाया गया है, मौर्य और निषाद समाज के लोगों का आरोप है कि 2025 के चुनाव में मतदाता थे जबकि 2026 में नहीं हैं। नाम कटने से नाराज लोगों ने तरबगंज पहुंचकर लोगों ने उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन सौंपा।


Jun 16, 2026

June 16, 2026

परिवहन विभाग की संयुक्त टीम का अभियान जारी, नियमों के उल्लंघन पर 2 बसें सीज एवं 2 का हुआ चालान



गोण्डा - जनपद में सड़क सुरक्षा एवं परिवहन नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न मार्गों पर संचालित यात्री बसों की सघन जांच की गई तथा परमिट की शर्तों एवं अन्य परिवहन नियमों के अनुपालन का निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए संचालित पाई गई 2 बसों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त (सीज) कर दिया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न अनियमितताओं एवं नियमों के उल्लंघन के मामले में 2 अन्य बसों का चालान भी किया गया। परिवहन विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई से वाहन संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही तथा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक संदेश दिया गया।

एआरटीओ (प्रशासन) आर.सी. भारतीय ने बताया कि जनपद में परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नियमित रूप से प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्री सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी वाहन संचालक को नियमों की अनदेखी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले, बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालित करने वाले अथवा अन्य परिवहन नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे वाहन संचालकों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों एवं संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के समस्त अभिलेख अद्यतन रखें तथा निर्धारित नियमों एवं परमिट की शर्तों का पूर्णतः पालन करें, जिससे सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
June 16, 2026

कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस का करनैलगंज में आज से शुरू हुआ ठहराव शुरू, सांसद करन भूषण ने दिखाई हरी झंडी




करनैलगंज/गोण्डा - क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी करते हुए मंगलवार से कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस का करनैलगंज रेलवे स्टेशन पर आधिकारिक ठहराव शुरू हो गया। इस अवसर पर स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कैसरगंज सांसद करण भूषण शरण सिंह ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि उनके प्रयासों और रेल मंत्रालय के सहयोग से करनैलगंज तथा कटरा बाजार क्षेत्र के यात्रियों को महत्वपूर्ण रेल सुविधा प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन के ठहराव से यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर विकल्प मिलेगा और उन्हें अन्य स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे क्षेत्र के लोगों का समय और धन दोनों की बचत होगी।
इस मौके पर रेलवे प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) समेत कई अधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया और यात्रियों को उपलब्ध कराई गई नई सुविधा की जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह, राहुल सिंह, विवेक सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। ट्रेन के ठहराव की शुरुआत से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। लोगों ने सांसद एवं रेल मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास और यात्री सुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
June 16, 2026

जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण, साफ-सफाई और मरीजों की सुविधाओं पर दिया विशेष जोर


गोण्डा - जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, व्यवस्थाओं तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों के उपचार, दवा वितरण व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राचार्य मेडिकल कॉलेज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) जिला अस्पताल को निर्देशित किया कि अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छ वातावरण मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए अत्यंत आवश्यक है, इसलिए परिसर की स्वच्छता एवं साफ-सफाई में किसी प्रकार की लापरवाही कदापि न की जाय।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। 

उन्होंने कहा कि मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा अस्पताल में आने वाले लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।

सभी अधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितकारी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

निरीक्षण के दौरान प्राचार्य मेडिकल कॉलेज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल पटेल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) जिला अस्पताल डॉ. अनिल तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
June 16, 2026

शिक्षकों की सेवा सुरक्षा के प्रति शैक्षिक महासंघ लड़ेगा लड़ाई

 शिक्षकों की सेवा सुरक्षा के प्रति शैक्षिक महासंघ लड़ेगा लड़ाई

सेवारत शिक्षकों पर टीईटी अनिवार्यता के खिलाफ सड़क तक संघर्ष करेगा राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ

बहराइच: परिषदीय विद्यालयों में शिक्षक पात्रता परीक्षा लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर इसकी अनिवार्यता लागू किए जाने का विरोध तेज हो गया है।अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने ऐसे शिक्षकों को विधि और नीतिगत सेवा संरक्षण दिलाने के लिए देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है इसके तहत 18 जून को देशव्यापी ( सभी जिला मुख्यालय) पर प्रदर्शन कर विधायी संशोधन करके देश के लाखों शिक्षकों की सेवा सुरक्षा करने हेतु जिला अधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री तथा माननीय मुख्यमंत्री जी कों भेजेगा ज्ञापन। इसी क्रम में मंगलवार कों राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ बहराइच के जिलाध्यक्ष आनन्द मोहन मिश्र नें जानकारी देते हुए बताया कि, माननीय सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद वर्ष 2010 से पूर्व व उत्तर प्रदेश में 27 जुलाई 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों के हितों की एवं उनकी सेवा सुरक्षा तथा आजीविका की रक्षा के लिए कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि, राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लाखों शिक्षकों एवं उनके परिवारों की चिंता को देखते हुए केंद्र सरकार संवेदनशीलता एवं दूरदर्शिता का परिचय देगी तथा शिक्षकों में व्याप्त असमंजस, असुरक्षा एवं पीड़ा की स्थिति से समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाएंगी।उन्होंने कहा कि, महासंघ ने सदैव शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए लोकतांत्रिक एवं संगठनात्मक तरीके से संघर्ष किया है । जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज कुमार वर्मा, जिला महामंत्री उमेश चंद्र त्रिपाठी, जिला कोषाध्यक्ष सगीर अंसारी सहित सभी जनपदीय पदाधिकारियों ने उपरोक्त कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु अधिक से अधिक संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाओं से ज्ञापन प्रदर्शन कार्यक्रम में प्रतिभाग करने की अपील की है।