Nov 6, 2026

बच्चे को गोद में लेकर ई-रिक्शा पर बैठी महिला के पर्स से जेवरात व नगदी चोरी

 बच्चे को गोद में लेकर ई-रिक्शा पर बैठी महिला के पर्स से जेवरात व नगदी चोरी

चौकी प्रभारी को शिकायती पत्र देकर चोरी गए जेवरात व नगदी बरामदगी की मांग

बहराइच। महिला अपने बच्चों के साथ अपने घर से बहराइच स्थित किराये के मकान पर आ रही थी। रोडवेज बस से त्रिमुहानी बाईपास पर उतरने के बाद ई-रिक्शा पर सवार हुई। इसी बीच उचक्कों ने महिला के पर्स से जेवरात व नगदी चोरी कर लिए। चोरी की जानकारी कई दिन बाद पर्स खोलने पर हुई। पीड़ित महिला ने चौकी इंचार्ज तिकोनीबाग को शिकायती पत्र देकर चोरी गए जेवरात व नगदी बरामदगी की मांग की है।नेहा सिंह पत्नी पुनीत सिंह निवासिनी ग्राम शेखौली, थाना मटेरा, शहर के ओझा आरा मशीन के पास किराये के मकान में अपने बच्चों के साथ रहती है। पीड़ित महिला बीते 2 नवंबर को अपने गांव शेखौली से रोडवेज बस पर सवार होकर त्रिमुहानी बाईपास पर दिन में करीब 2:30 बजे उतरी। वहां से ई-रिक्शा पर सवार हुई। ई-रिक्शा पर पहले से तीन पुरुष, दो महिलाएं व दो छोटे-छोटे बच्चे बैठे थे। महिला अपना लेडीज हैंडबैग कंधे पर लटकाकर दो माह के बच्चे को गोद में लेकर ई-रिक्शा पर बैठ गई।महिला को ओझा आरा मशीन के पास उतरना था, जबकि अन्य सवारियों को बंजारी मोड़ पर उतरना था। जब ई-रिक्शा ओझा आरा मशीन के पास पहुंचा तो महिला ने रोकने को कहा। ई-रिक्शा वाले ने कहा कि पहले बंजारी मोड़ की सवारी उतार देते हैं, फिर तुम्हें उतार देंगे। अन्य सवारियां बंजारी मोड़ पर उतर गईं। इसके बाद ई-रिक्शा वाले ने महिला को ओझा आरा मशीन के पास स्थित दूध डेयरी पर उतारा। जिसके बाद महिला वापस घर चली गई। महिला ने बैग को बाक्स में रख दिया।कई दिनों के बाद जब महिला ने बाक्स खोलकर अपना बैग खोला तो देखा कि एक प्लास्टिक डिब्बा जिसमें अंगूठी क्रमशः 3.5 ग्राम, 3 ग्राम व 7 ग्राम का बाला व झाला 4 ग्राम व 1500 रुपये नगदी रखा हुआ था, जो गायब मिला।पीड़ित महिला का आरोप है कि ई-रिक्शा पर बगल में बैठी सवारी ने बैग की चैन खोलकर जेवरात से भरे डिब्बे व नगदी निकाल लिया। घटना में ई-रिक्शा वाले की भी अहम भूमिका है, क्योंकि उसके कहने के बावजूद महिला को ओझा आरा मशीन पर न उतारकर आगे तक ले गया। महिला जहां उतरी थी, उसी के पास फर्नीचर की दुकान के पास एक सीसीटीवी कैमरा भी लगा है।महिला ने पुलिस चौकी पर शिकायती पत्र देकर तिकोनीबाग चौकी से बंजारी मोड़ तक लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए चोरी गए जेवरात व नगदी की बरामदगी की मांग की है।


No comments: