धनतेरस-दीपावली के मद्देनजर बहराइच में डीएम-एसपी ने की पैदल गश्त, बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
बहराइच। महापर्व धनतेरस एवं दीपावली के दृष्टिगत जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख बाजारों में पैदल गश्त की। घंटाघर चौराहे से छावनी चौराहे तक थाना कोतवाली नगर एवं थाना दरगाह शरीफ क्षेत्र में भीड़भाड़ वाले स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।बाजारों में सुरक्षा का निरीक्षण गश्त के दौरान दोनों अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का भ्रमण किया। पुलिस की सक्रिय उपस्थिति से आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।सर्राफा व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी गई। साथ ही सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की गई। अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन एवं व्यापारी निर्भीक होकर उत्सव मना सकें, इसके लिए जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित किया जाएगा। बाजारों, प्रमुख मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित गश्त तथा निगरानी जारी रखने के निर्देश दिए गए। गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा, क्षेत्राधिकारी यातायात राज सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर व दरगाह शरीफ, यातायात प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment