Nov 5, 2026

सड़क हादसे में अभिषेक की दर्दनाक मौत, दो गंभीर, एक की हालत नाजुक

मनकापुर-मसकनवा मार्ग पर स्कूटी-बाइक में भीषण टक्कर, एक की मौत, दो की हालत नाजुक

गोण्डा  - जनपद के मनकापुर -मसकनवा मार्ग पर अनूप सिंह के बाग के पास बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। स्कूटी और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में 23 साल के युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पूर्व सैनिक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे ने एक बार फिर साबित कर दिया कि हेलमेट सिर्फ चालान से बचने का साधन नहीं, जिंदगी बचाने का कवच है।
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम चुवाड़, थाना छपिया निवासी पूर्व सैनिक सत्यानंद मिश्र (45) जो वर्तमान में आईटीआई में गार्ड सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं, स्कूटी से मनकापुर से अपने घर जा रहे थे। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को सीएचसी मनकापुर पहुंचाया। जहां डॉ. आलोक चौधरी ने बाइक सवार अभिषेक वर्मा (23) पुत्र निवासी बभनी खास, थाना छपिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दूसरे बाइक सवार आरिफ (22) निवासी कस्बा बभनान, थाना गौर, जनपद बस्ती और पूर्व सैनिक सत्यानंद मिश्र को नाजुक हालत में मेडिकल कॉलेज गोंडा रेफर कर दिया गया।


हेलमेट साबित हुआ वरदान

कोतवाली मनकापुर के प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह ने बताया कि सेवानिवृत्त फौजी ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी जान बच गई। जबकि बाइक सवार दोनों युवक बिना हेलमेट के थे। सीओ मनकापुर उदित नारायण पालीवाल ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
एक घर में आज मातम पसरा है, 23 साल का अभिषेक अब कभी घर नहीं लौटेगा और दो परिवार अस्पताल के बाहर अपने बेटों की जिंदगी के लिए दुआएं मांग रहे हैं।

No comments: