Nov 15, 2026

गोवंश आश्रय स्थलों के निरीक्षण में मिली खामियां, पंचायत सचिव निलंबित


तीन गौशालाओं में 337 गोवंश संरक्षित, भरथा इटहिया की गौशाला में नहीं मिले गोवंश; साफ-सफाई की व्यवस्था भी मिली खराब


लापरवाही पर ग्राम पंचायत सचिव विवेकानंद निलंबित, संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति


गोण्डा - जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी दयानन्द प्रसाद तथा जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी एवं उपायुक्त (श्रम रोजगार), गोण्डा द्वारा खण्ड विकास अधिकारी कटरा बाजार के साथ विकास खण्ड कटरा बाजार की ग्राम पंचायत गण्डाही, नकहा एवं नदावा सहित ग्राम पंचायत भरथा इटहिया में संचालित गोवंश आश्रय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य गौशालाओं में संरक्षित गोवंश के रख-रखाव, उनके लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा आश्रय स्थलों के संचालन की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना था।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न गौशालाओं में संचालन एवं गोवंश के रख-रखाव से संबंधित कई कमियां पाई गईं। अधिकारियों ने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण में ग्राम पंचायत गण्डाही की गौशाला में 128, ग्राम पंचायत नदावा में 95 तथा ग्राम पंचायत नकहा में 114 गोवंश संरक्षित पाए गए। इस प्रकार उक्त तीन गौशालाओं में कुल 337 गोवंश संरक्षित मिले। वहीं ग्राम पंचायत भरथा इटहिया की गौशाला में कोई गोवंश संरक्षित नहीं पाया गया।

निरीक्षण के दौरान गौशाला परिसरों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इस पर अधिकारियों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने तथा गोवंश के लिए बेहतर रख-रखाव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। आगामी शीत ऋतु को देखते हुए गोवंश को शीतलहर से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम करने, सुरक्षित आश्रय, आवश्यक संसाधन एवं अन्य व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत सचिव की लापरवाही पर हुई सख्त कार्रवाई

निरीक्षण में ग्राम पंचायत गण्डाही, नकहा एवं नदावा के ग्राम पंचायत सचिव की लापरवाही सामने आने पर सचिव विवेकानंद ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही निलंबन अवधि में ग्राम विकास अधिकारी विवेकानन्द को विकास खण्ड मुजेहना से सम्बद्ध किया गया है। इसके अतिरिक्त खण्ड विकास अधिकारी कटरा बाजार, सहायक विकास अधिकारी पंचायत कटरा बाजार तथा पशु चिकित्सा अधिकारी कटरा बाजार के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई किए जाने की संस्तुति की गई है।

जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि गोवंश आश्रय स्थलों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए गौशालाओं में स्वच्छता, गोवंश के समुचित रख-रखाव, चारा-पानी तथा शीतलहर से बचाव की व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

No comments: