पी०एम० श्री कम्पोजिट विद्यालय लक्ष्मणपुर जाट में ‘मेरा स्कूल मेरा गौरव’ एवं ‘एल्यूमिनाई एक्सीलेंस अवार्ड’ कार्यक्रम का जिलाधिकारी ने किया भव्य शुभारम्भ
पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों से वर्तमान छात्र-छात्राओं को मिलेगी प्रेरणा, आधुनिक तकनीक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़े जाएंगे परिषदीय विद्यालयों के बच्चे
गोण्डा - जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने जनपद के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा देने तथा विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, गौरव एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की भावना विकसित करने के उद्देश्य से एक अभिनव पहल की शुरुआत की है। इसी क्रम में उन्होंने पी०एम० श्री कम्पोजिट विद्यालय लक्ष्मणपुर जाट में ‘मेरा स्कूल मेरा गौरव’ एवं ‘एल्यूमिनाई एक्सीलेंस अवार्ड’ नवाचार कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अभिनव कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना तथा विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों की सफलता की कहानियों के माध्यम से वर्तमान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के अंतर्गत ऐसे पूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने इसी विद्यालय से शिक्षा प्राप्त करने के उपरांत विभिन्न सरकारी विभागों, संस्थानों एवं अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के बल पर विशिष्ट उपलब्धियां हासिल की हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों को आकार देने और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने का महत्वपूर्ण केंद्र है। पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियां वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगी। जब बच्चे अपने ही विद्यालय से पढ़कर निकले लोगों को विभिन्न महत्वपूर्ण पदों एवं क्षेत्रों में सफल होते देखेंगे, तो उनमें भी आगे बढ़ने और कुछ बेहतर करने का उत्साह पैदा होगा।
पूर्व विद्यार्थियों की सफलता बनेगी नई पीढ़ी की प्रेरणा, बाल वाटिका में किया पौधारोपण
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों द्वारा तैयार की गई आकर्षक बाल वाटिका का अवलोकन किया तथा उसमें पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों एवं शिक्षकों के इस प्रयास की सराहना करते हुए विद्यालय में स्वच्छ, सुंदर एवं प्रेरणादायक शैक्षिक वातावरण विकसित करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने घोषणा की कि ‘मेरा स्कूल मेरा गौरव’ एवं ‘एल्यूमिनाई एक्सीलेंस अवार्ड’ की इस अभिनव पहल को जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में लागू किया जाएगा। इससे प्रत्येक विद्यालय अपने गौरवशाली पूर्व विद्यार्थियों से जुड़ेगा और उनकी उपलब्धियों को विद्यालय की पहचान एवं वर्तमान विद्यार्थियों की प्रेरणा का माध्यम बनाया जाएगा।
*शिक्षा के साथ पोषण एवं मातृ स्वास्थ्य पर भी विशेष जोर, अन्नप्राशन और गोदभराई कार्यक्रम आयोजित*
कार्यक्रम के दौरान बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा बच्चों का अन्नप्राशन तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसके माध्यम से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं गर्भवती महिलाओं की देखभाल के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
जिलाधिकारी की यह पहल शिक्षा, प्रेरणा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सहभागिता को एक मंच पर लाने का सराहनीय प्रयास है। निश्चित रूप से ‘मेरा स्कूल मेरा गौरव’ कार्यक्रम जनपद के परिषदीय विद्यालयों की पहचान को मजबूत करने के साथ-साथ बच्चों में बड़े सपने देखने, लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने का नया उत्साह पैदा करेगा।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी झंझरी, लेखपाल, राजस्व निरीक्षक, ग्राम प्रधान, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावकगण उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment