आपत्तियों को प्राप्त करने व निस्तारण करने की कार्यवाही होगी ऑनलाइन
बहराइच । माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2027 को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद बहराइच में परीक्षा केन्द्रों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा निर्धारित मानक एवं समय-सारिणी के अनुरूप जनपद के 107 परीक्षा केन्द्रों की प्रस्तावित सूची (विद्यालय छात्र आवंटन सहित) जारी की गई है।प्रस्तावित सूची में सम्मिलित विद्यालयों के संबंध में यदि किसी संस्था, विद्यालय, छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य अथवा प्रबन्धक को कोई आपत्ति या शिकायत है तो वह अपना प्रत्यावेदन निर्धारित प्रारूप पर उचित कारण एवं साक्ष्य सहित माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट यूपीएमएसपी डाट ईडीयू डाट यूपी पर ऑनलाइन प्रस्तुत किये जा सकते हैं। गुरूवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी श्री पाण्डेय ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आपत्तियों को प्राप्त करने तथा उसका निस्तारण करने की कार्यवाही ऑनलाइन ही की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा प्राप्त आपत्तियों का परीक्षण कर उनका समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा। इसके उपरान्त जनपदीय केन्द्र निर्धारण समिति से अनुमोदन एवं संस्तुति प्राप्त कर अंतिम सूची परिषद की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परीक्षा केन्द्रों के निर्धारण की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से पूरी की जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केन्द्रों के निर्धारण का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध है। निर्धारित समय में कार्य पूर्ण न होने अथवा पोर्टल बंद होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार, उप जिलाधिकारी सदर अमन देयोल, कैसरगंज के प्रशात कुमार नायक, पयागपुर के संजय कुमार पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानन्द, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment