Nov 6, 2026

कागज पर रंगों से उतरी दिवाली का उल्लास

 वान्या एजुकेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट के आर्ट फेस्ट में बच्चों को मिले पुरस्कार

जरवल (बहराइच)। दीपावली के उल्लास को कागज पर रंगों के माध्यम से उतारने का अनोखा आयोजन गुरुवार को जरवल स्थित पीएमश्री उप्रावि भौली में हुआ। वान्या एजुकेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट, बहराइच के सौजन्य से आयोजित आर्ट फेस्ट में विद्यालय के जूनियर सेक्शन के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

दीपावली त्योहार के पूर्व आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने कैनवास पर अपनी कल्पना के रंग भरे। स्वदेशी अपनाने और स्थानीय दुकानदारों को प्रोत्साहित करने जैसे विषयों पर बच्चों ने सुंदर पेंटिंग्स बनाईं। इसके साथ ही दीये, रंगीन रंगोली और जगमगाते घरों के आकर्षक चित्रों ने पर्व की रौनक को और बढ़ा दिया।निर्णायक मंडल ने रीना, राधा, विनायक, नाजनी, सोनी कश्यप और महक सहित अन्य बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों की विशेष रूप से सराहना की। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार भी दिए गए।इस अवसर पर ट्रस्ट की मुख्य कार्यकारी डॉ. रेणुका चौधरी ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय त्योहारों की परंपरा, संस्कृति तथा पर्यावरण-अनुकूल दिवाली के महत्व से भी अवगत कराते हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय के इंचार्ज शिक्षक अनिल वर्मा, नरोत्तम सेंगर, अर्चना पांडेय, जसीम अहमद, संध्या श्रीवास्तव, रामचंद्र और मनसुखलाल समेत अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान बच्चों का उत्साह और उनकी कलात्मक कृतियों ने सभी का ध्यान खींचा।

No comments: