Oct 20, 2026

बहराइच पुलिस का चोरों पर करारा प्रहार, दो मुठभेड़ों में दो शातिर गिरफ्तार

 बहराइच पुलिस का चोरों पर करारा प्रहार, दो मुठभेड़ों में दो शातिर गिरफ्तार

बहराइच। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चोरी एवं नकबजनी के अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे 10 दिवसीय विशेष अभियान के तहत बहराइच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना बौण्डी और कोतवाली नानपारा क्षेत्रों में अंतरजनपदीय शातिर चोरों से पुलिस की मुठभेड़ हुई, जिसमें दो अपराधियों के पैर में गोली लगी और उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया।पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव द्वारा गठित टीमों ने 19 अक्टूबर को खैरा बाजार क्षेत्र में फरार अपराधियों की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर बिलासपुर मोड़ तिराहे के पास एक सिल्वर रंग की सेंट्रो कार को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान कार सवार अपराधी ने पुलिस पर जानलेवा हमले की नीयत से फायर किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जाबिर उर्फ जाकिर, पुत्र सुल्तान, निवासी ग्राम तुर्क बलिया, थाना ईसानगर, जनपद लखीमपुर खीरी, के बाएं पैर में गोली लग गई। वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी नसीम उर्फ ठेकेदार अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला।घायल जाबिर की तलाशी से 6,500 रुपये नगद, सफेद धातु के दो जोड़ी पायल, 17 बिछिया, एक जोड़ी टॉप्स, तीन चांदी की अंगूठियां, एक जोड़ी झाला, एक देसी तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस तथा एक मोबाइल कवर बरामद हुए। जाबिर लखीमपुर खीरी का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध कई जनपदों में चार दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसे चिकित्सा हेतु सीएचसी फखरपुर भेजा गया।फरार नसीम की तलाश में कोतवाली नानपारा पुलिस बंजरिया नहर पुल पर पहुंची। वहां संदिग्ध सेंट्रो कार दिखने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया। कार से उतरकर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। पुलिस ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार नसीम उर्फ ठेकेदार, पुत्र निसार, निवासी चंदौसा कला, थाना ईसानगर, जनपद लखीमपुर खीरी, के पास से एक तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, सेंट्रो कार यूपी-32-डीवी-3802, पीले व सफेद धातु के जेवरात तथा नकदी बरामद हुई। नसीम के विरुद्ध भी दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह थाना ईसानगर का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बहराइच सहित अन्य जनपदों में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। घायल आरोपियों को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अधीक्षक बहराइच ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी थानों को संबंधित सेंट्रो कार की चेकिंग एवं कांबिंग के निर्देश दिए गए हैं। आगे की कार्रवाई प्रचलित है।

No comments: