Oct 15, 2026

कुर्था में बड़ी चोरी, आधी रात में 15 लाख के जेवर और नगदी पर हाथ साफ




करनैलगंज /गोण्डा - कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुर्था में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मामले में पीड़ित काली प्रसाद यादव पुत्र लालता प्रसाद, निवासी कुर्था ने कोतवाली में प्रार्थना-पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।


पुलिस को दिए गए तहरीर में पीड़ित ने कहा कि रात लगभग 1 बजे जब परिवार के सभी लोग घर के बाहर सो रहे थे, तभी अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर चोरी कर ली। चोर घर में रखे लगभग 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, फूल के बर्तन और कुछ नगद रुपये लेकर फरार हो गए। सुबह उठने पर परिवार को चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित के अनुसार घर की सभी महिलाओं के जेवर चोर ले गए।
पीड़ित ने पुलिस से मांग की है कि अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाए और चोरी गया सामान बरामद कराया जाए।


No comments: