करनैलगंज/गोण्डा - कहते हैं जज्बा हो तो संसाधन आड़े नहीं आते। इसे सच कर दिखाया है करनैलगंज के सदर बाजार निवासी अंकित शर्मा ने।
छोटी सी सैलून की दुकान चलाकर परिवार पालने वाले अनिल शर्मा का बेटा आज उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही बन गया है। पिता दिन भर कैंची चलाते हैं, बेटे ने रात-रात भर किताबों में मेहनत की और आखिरकार वर्दी हासिल कर ही ली।
अंकित ने अपनी शुरुआती पढ़ाई नगर के प्रतिष्ठित कन्हैयालाल इंटर कॉलेज से की। इंटर के बाद उन्होंने कोई बड़ा कोचिंग या शहर का रुख नहीं किया, बल्कि घर पर रहकर ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, शुरू कर दी। एकाग्रता, अनुशासन और कठिन परिश्रम के दम पर उन्होंने यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
अंकित की इस कामयाबी से न सिर्फ शर्मा परिवार बल्कि पूरे मोहल्ले में खुशी की लहर है। पिता अनिल शर्मा की आंखें गर्व से नम हैं। उन्होंने कहा — "मेहनत कभी बेकार नहीं जाती।"
अंकित की सफलता पर डॉ. बीपी सिंह, जयनाथ सिंह, बबलू सिंह, राजीव तिवारी उर्फ बाबू तिवारी,भाजपा नेता श्याम किशोर मिश्रा, संजय मिश्रा,कोटेदार संजय सिंह, सुमित शर्मा, मनीष शर्मा, बबलू गोस्वामी, सिद्धार्थ गौतम,मुकेश , नवीन, महेश पाण्डेय, निर्मल, राजकुमार, अजय तिवारी सहित तमाम क्षेत्रवासियों, इष्ट-मित्रों और सगे-संबंधियों ने बधाई दी है और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
अंकित की कहानी आज उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों में बड़े सपने देखते हैं।
तकाजा है तूफां का , लहरों से खेलो, कब तक चलोगे किनारे-किनारे। मंजिले खुद चूम लेंगी कदम, मुसाफ़िर अगर अपनी हिम्मत न हारे।।
No comments:
Post a Comment