Oct 13, 2026

दुकान में घुसकर दुकानदार पर किया हमला, ग्रामीणों ने पकड़कर बचाई जान, आरोपी पुलिस हिरासत में

बालपुर चौकी क्षेत्र के हरसिंहपुर में दिनदहाड़े चाकू से जानलेवा हमला, वीडियो वायरल


गोण्डा  - करनैलगंज कोतवाली के बालपुर चौकी क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। क्षेत्र के हरसिंहपुर बाजार में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े एक युवक ने दुकान में घुसकर दुकानदार पर रामपुरी चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना का हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दुकानदार आरोपी का चाकू वाला हाथ पकड़े नजर आ रहा है।
ग्राम रेरुवा शुक्लनपुरवा निवासी पीड़ित शैलेन्द्र शुक्ला पुत्र इन्द्रपाल शुक्ला ने बताया कि हरसिंहपुर बाजार में दुकान है। पीड़ित के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे गांव गुरुपुरवा परसा गोंडरी निवासी अभिषेक ओझा पुत्र मुकुंद नारायण ओझा हाथ में रामपुरी चाकू लेकर दुकान में घुस आया और जान से मारने की नियत से हमला कर दिया। दुकान के अंदर अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर दौड़े और आरोपी को पकड़कर दबोच लिया, जिससे दुकानदार की जान बच सकी। सूचना पर पहुंची बालपुर चौकी पुलिस आरोपी अभिषेक को हिरासत में लेकर चौकी ले गई। पुलिस ने मौके से हमले में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।

पहले भी लाइसेंसी बंदूक से दी थी धमकी

पीड़ित शैलेन्द्र शुक्ला ने बताया कि आरोपी अभिषेक ओझा आपराधिक प्रवृत्ति का है। इससे पहले भी वह गांव के ही कृष्ण नारायण शुक्ल लम्बू पुत्र दीनानाथ शुक्ल को लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था और कुछ दिन पूर्व अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर उनके घर पर धमकाने भी गया था।
पीड़ित ने बालपुर चौकी प्रभारी को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिजनों का कहना है कि यदि आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है, जिससे पूरे परिवार को जान का खतरा बना हुआ है।
इस संबंध में बालपुर चौकी प्रभारी का कहना है कि तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है, जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments: