मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत बहराइच में महिला सशक्तिकरण एवं सम्मान समारोह, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं-बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र से किया गया सम्मानित
बहराइच: नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत आज रिजर्व पुलिस लाइन, बहराइच में महिला सशक्तिकरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायिका श्रीमती अनुपमा जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, आईसीडीएस, नगर निकाय, मूक-बधिर संस्थान, पुलिस मॉडर्न स्कूल एवं पुलिस विभाग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी उपलब्धियों व सराहनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/नोडल मिशन शक्ति दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी पयागपुर/लाइन कनिष्क आर. जामकर तथा क्षेत्राधिकारी/सह-नोडल मिशन शक्ति श्रीमती हर्षिता तिवारी सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
संबोधन के दौरान सदर विधायिका श्रीमती अनुपमा जायसवाल ने केंद्र एवं राज्य सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराते हुए महिलाओं से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सहायता पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों तथा सुरक्षा संबंधी उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने किसी भी समस्या अथवा उत्पीड़न की स्थिति में बिना संकोच पुलिस की सहायता लेने की अपील की।
कार्यक्रम में पुलिस मॉडर्न स्कूल की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी गई। समारोह का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रोत्साहित करना रहा।





No comments:
Post a Comment