Sep 24, 2026

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन मामला,पेड-न्यूज की सघन निगरानी के लिए समिति गठित



गोण्डा - गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जनपद गोण्डा में जिला स्तरीय मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनीटरिंग कमेटी (MCMC) का गठन किया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा समिति का गठन तत्काल प्रभाव से किया गया है।

गठित समिति के अध्यक्ष जिला निर्वाचन अधिकारी, गोण्डा होंगे। समिति में समस्त उपजिलाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, मुख्य कोषाधिकारी तथा अभियान्त्रिक सहायक, दूरदर्शन केन्द्र, गोण्डा को सदस्य बनाया गया है। जनसम्पर्क अधिकारी/अपर जिला सूचना अधिकारी, गोण्डा समिति के सदस्य सचिव होंगे। 

समिति द्वारा निर्वाचन के दौरान मीडिया में प्रकाशित एवं प्रसारित समाचारों, विज्ञापनों तथा अन्य प्रचार सामग्री की निगरानी की जाएगी। विशेष रूप से पेड-न्यूज की सघन जांच करते हुए निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका निरंजन ने समिति के सभी सदस्यों को आयोग के निर्देशों के अनुरूप अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान मीडिया मॉनीटरिंग एवं प्रमाणन से संबंधित आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

No comments: