गोण्डा - भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के निर्वाचित सदस्यों द्वारा राज्यसभा के लिए निर्वाचित 10 सदस्यों का कार्यकाल 25 नवम्बर 2026 को समाप्त होने के दृष्टिगत द्विवार्षिक निर्वाचन का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया है।
कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितम्बर 2026 (मंगलवार) को जारी की जाएगी। नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) निर्धारित की गई है। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर (बुधवार) को होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) रहेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को मतदान कराया जाएगा। मतदान का समय प्रातः 9 बजे से अपराह्न 4 बजे तक रहेगा। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को पूर्ण करने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर 2026 (सोमवार) निर्धारित की गई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा की ओर से जारी प्रेस नोट में उक्त निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी दी गई है।
No comments:
Post a Comment