Aug 17, 2026

चोरों के आतंक से ग्रामीण दहशत में,तीन घरों में लाखों चोरी,पुलिस खाली हाथ, एसपी ने लगाई फटकार


  करनैलगंज /गोण्डा - स्थानीय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हीरापुर कमियार में हुई लाखों की चोरी से ग्रामीण खौफजदा हैं, एक सप्ताह बीतने के बाद भी खुलासा न होने पर नाराज पीड़ितों ने एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।  बताते चलें कि विगत 11/12 अगस्त की रात्रि में चोरों ने एक ही गांव में तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों के गहने और नकदी  पार कर दिया था।  एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस मामले का खुलासा करने में असफल साबित हुई,जिससे नाराज लोगों ने सोमवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित देवपाल सिंह द्वारा एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में पचास लाख के गहने व नकदी की चोरी तथा ग्राम प्रधान पंकज सिंह द्वारा करीब साठ लाख के जेवरात तथा नकदी चोरी होने की बात बताई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में हुई चोरी की घटनाओं से लोगों में भय व्याप्त है, लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर रात भर जागते रहते हैं। पीड़ितों के शिकायती प्रार्थना पत्र को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने प्रभारी निरीक्षक करनैलगंज को कड़ी फटकार लगाते हुए प्रकरण के शीघ्र खुलासे का निर्देश दिया है। अब देखना यह है कि मामले में पुलिस कितनी तत्परता दिखाती है।

No comments: