Jul 10, 2026

राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर युवाओं में भरा राष्ट्र निर्माण का जोश, अभाविप की संगोष्ठी में बोले आदर्श तिवारी 'आजाद'


परसपुर (गोंडा)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की परसपुर नगर इकाई द्वारा परिषद के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर बेनी माधव जंग बहादुर इंटर कॉलेज, परसपुर में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पार्चन के साथ हुआ। मुख्य वक्ता विभाग संयोजक आदर्श तिवारी 'आजाद' ने कहा कि "अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण का सशक्त अभियान है।" उन्होंने परिषद की स्थापना, संगठनात्मक स्वरूप एवं कार्यक्षेत्रों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि अभाविप अपने स्थापना काल से ही विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व विकास, सामाजिक चेतना, राष्ट्रीय एकता तथा राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज जीवन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। नगर मंत्री नैमिष प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों एवं छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि अभाविप प्रत्येक वर्ष अपने स्थापना दिवस को राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के रूप में मनाती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए परिषद की विचारधारा एवं संगठनात्मक कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया। विद्यालय के उप-प्राचार्य वी.के. सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के बौद्धिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षा के साथ सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों के निर्वहन पर भी बल दिया। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। इस अवसर पर दुर्गेश निगम, महक सिंह, रितेश पांडेय, विशाल कुमार, आशुतोष वर्मा सहित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अनेक कार्यकर्ता एवं विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

No comments: