Jul 10, 2026

हलधरमऊ में डॉ. ज़ाहिद हुसैन इंस्टिट्यूट ऑफ़ कंप्यूटर टेक्नोलॉजी का भव्य उद्घाटन


करनैलगंज / गोण्डा - दरसगाह इस्लामी स्कूल, हलधरमऊ परिसर में स्वर्गीय डॉ. ज़ाहिद हुसैन ख़ान की स्मृति में स्थापित डॉ. ज़ाहिद हुसैन इंस्टिट्यूट ऑफ़ कंप्यूटर टेक्नोलॉजी का भव्य उद्घाटन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। संस्थान की स्थापना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराना और उन्हें रोजगारपरक कौशल से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधानसभा गोंडा के पूर्व प्रत्याशी सूरज सिंह तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व एमएलसी महफ़ूज़ ख़ान ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर अतिथियों का बुके एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उद्घाटन के दौरान उपस्थित लोगों ने संस्थान की पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
समारोह में जिला पंचायत सदस्य वकार ख़ान, हाजी आमिर ख़ान, हाजी शाहबुद्दीन ख़ान (शब्बू), देवेंद्र सिंह, इब्राहीम ख़ान, अली अहमद ख़ान, बदरूस्सलाम ख़ान, सत्येंद्र सिंह, पप्पू ख़ान, फुरकान ख़ान, मोहसिन ख़ान, राशिद अख़्तर ख़ान, अफ़ज़ल ख़ान, दिलगीर हुसैन, हसीब ख़ान, हक़ीक़ुर्रहमान ख़ान सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
संस्थान के डायरेक्टर मोहसिन ख़ान ने कहा कि स्वर्गीय डॉ. ज़ाहिद हुसैन ख़ान का सपना था कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध हो। उसी सोच को साकार करने के लिए इस अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब एवं संस्थान की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि यहां विद्यार्थियों को कंप्यूटर की आधुनिक तकनीकों, डिजिटल साक्षरता और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के माध्यम से भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जाएगा। 
कार्यक्रम के अंत में ख़ालिद अख़्तर ने सभी मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों, अभिभावकों, छात्रों तथा उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उद्घाटन समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

No comments: